बक्सर के प्रीतेश ने भारतीय वन सेवा परीक्षा में लहराया परचम

बक्सर जिले के लिए गर्व की खबर है। जिले के होनहार युवक प्रीतेश ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित भारतीय वन सेवा परीक्षा 2024 में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए देशभर में 79वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

बक्सर के प्रीतेश ने भारतीय वन सेवा परीक्षा में लहराया परचम

__ देशभर में हासिल की 79वीं रैंक, जिले में खुशी की लहर

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर जिले के लिए गर्व की खबर है। जिले के होनहार युवक प्रीतेश ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित भारतीय वन सेवा परीक्षा 2024 में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए देशभर में 79वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।बक्सर शहर के अंबेडकर चौक निवासी प्रीतेश की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल, बक्सर से हुई। दसवीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने बोकारो स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की।

इसके बाद उन्होंने बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान, पिलानी से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली से एमटेक की उपाधि प्राप्त की।उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद प्रीतेश ने दिल्ली में रहकर संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी शुरू की। कठिन परिश्रम, अनुशासित दिनचर्या और सही रणनीति के बल पर उन्होंने दूसरे प्रयास में भारतीय वन सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, नियमित अध्ययन और मार्गदर्शन को दिया।साधारण परिवार से आने वाले प्रीतेश के पिता प्रफुल्ल कुमार बिजली विभाग में संविदा ठेकेदार हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं।

उनका पैतृक गांव उनवांस है। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रीतेश ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है।सफलता के बाद प्रीतेश ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर मेहनत की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि धैर्य, अनुशासन और सही दिशा में की गई तैयारी ही किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता की कुंजी है।उल्लेखनीय है कि भारतीय वन सेवा परीक्षा 2024 में देशभर से कुल 150 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को अब वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधीन प्रशिक्षण दिया जाएगा।