बक्सर में तीन नवंबर को लगेगा मेगा जॉब कैंप, 10 कंपनियों में रोजगार पाने का मौका

बक्सर और आसपास के युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बक्सर के तत्वावधान में आगामी तीन नवंबर 2026 को मेगा जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा।

बक्सर में तीन नवंबर को लगेगा मेगा जॉब कैंप, 10 कंपनियों में रोजगार पाने का मौका

__ टाटा मोटर्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, किआ इंडिया, हिंडाल्को और अपोलो टायर्स समेत कई नामी कंपनियां करेंगी अभ्यर्थियों का चयन; सुबह 10:30 बजे तक संस्थान परिसर में पहुंचना अनिवार्य

केटी न्यूज/बक्सर।

बक्सर और आसपास के युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बक्सर के तत्वावधान में आगामी तीन नवंबर 2026 को मेगा जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में देश की कई प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियों में नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसमें टाटा मोटर्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, किआ इंडिया, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, अपोलो टायर्स और जाबिल सर्किट इंडिया जैसी कंपनियों में काम करने का अवसर मिलेगा।

प्राचार्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मेगा जॉब कैंप में चार निजी नियोजन एजेंसियों के माध्यम से विभिन्न कंपनियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें नेक्स्टजेन रिक्रूटमेंट सर्विसेज के माध्यम से टाटा मोटर्स (अहमदाबाद, गुजरात), टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स (होसुर, तमिलनाडु) और किआ इंडिया (पेनुकोंडा, आंध्र प्रदेश) में रोजगार का अवसर उपलब्ध होगा।वहीं, विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (रेणुकूट, उत्तर प्रदेश) और डिक्सन टेक्नोलॉजीज (ग्रेटर नोएडा) में चयन किया जाएगा। इसी तरह टू-कॉम्स कंपनी के माध्यम से अपोलो टायर्स (आंध्र प्रदेश) तथा सन्सेरा इंजीनियरिंग लिमिटेड (चाकन, पुणे) में नियुक्ति का अवसर मिलेगा।

जबकि शिवफोर्ड ग्रुप के माध्यम से जाबिल सर्किट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (रांजणगांव, पुणे) और मदरसन ऑटोमोटिव (दसाडा, गुजरात) में रोजगार के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।संस्थान के प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने इच्छुक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जॉब कैंप तीन नवंबर को सुबह 10:30 बजे से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर परिसर में आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय तक सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा।उन्हें अपने साथ मैट्रिक एवं आईटीआई के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट आकार की तस्वीर सहित अन्य जरूरी कागजात लाने होंगे। संस्थान प्रबंधन ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।