प्रगति यात्रा से पहले एक्शन में डीएम साहिला, सड़कों से लेकर मैदान तक की व्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा

जिले में प्रस्तावित प्रगति यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला ने बुधवार को बक्सर नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क, सफाई, अतिक्रमण और सरकारी परिसरों की स्थिति पर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए तथा तय समय सीमा में सभी कार्य पूरे कराने को कहा।

प्रगति यात्रा से पहले एक्शन में डीएम साहिला, सड़कों से लेकर मैदान तक की व्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा

__ सेंट्रल जेल रोड चौड़ीकरण, किला मैदान व आईटीआई मैदान की सफाई-रंगाई के निर्देश, अतिक्रमण हटाने और नालों की सफाई पर भी प्रशासन सख्त

केटी न्यूज/बक्सर:

जिले में प्रस्तावित प्रगति यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला ने बुधवार को बक्सर नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क, सफाई, अतिक्रमण और सरकारी परिसरों की स्थिति पर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए तथा तय समय सीमा में सभी कार्य पूरे कराने को कहा।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेंट्रल जेल तक जाने वाले मार्ग का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस सड़क के चौड़ीकरण का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि यातायात में किसी प्रकार की बाधा न हो।

साथ ही सड़क के किनारे बने गड्ढों को तत्काल भरवाकर समतलीकरण कराने का भी निर्देश दिया गया, जिससे आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।डीएम ने कहा कि प्रगति यात्रा जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम से पहले शहर की सड़कों की स्थिति बेहतर दिखनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने किला मैदान और हवाई अड्डा पथ पर भी आवश्यक मरम्मत व सुधार कार्य कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क किनारे की अव्यवस्था को दूर कर व्यवस्थित स्वरूप दिया जाए, ताकि पूरे क्षेत्र की साफ-सुथरी छवि सामने आए।नगर परिषद को भी इस दौरान कई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

जिलाधिकारी ने नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आईटीआई मैदान और उसके आसपास के क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। इसके अलावा हवाई अड्डा पथ और किला मैदान के आसपास भी पर्याप्त सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि नालों की नियमित सफाई की जाए और जहां आवश्यक हो वहां नालों के ऊपर स्लैब की व्यवस्था भी कराई जाए, ताकि गंदगी और दुर्घटनाओं की संभावना खत्म हो सके।उन्होंने किला मैदान और आईटीआई मैदान की दीवारों की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। डीएम ने निर्देश दिया कि इन मैदानों की दीवारों का रंग-रोगन और पेंटिंग जल्द कराई जाए, जिससे परिसर का स्वरूप बेहतर और आकर्षक बन सके।

साथ ही किला मैदान के क्षतिग्रस्त मुख्य गेट को भी तत्काल बदलने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों को यह भी स्पष्ट कर दिया कि शहर में अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर सड़क या मार्ग के किनारे अतिक्रमण है, वहां चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया जाए और जल्द से जल्द अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे की जमीन को खाली कराकर व्यवस्थित बनाया जाए, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने नगर परिषद को यह भी निर्देश दिया कि विभिन्न सरकारी संरचनाओं के बीच समन्वय बनाकर आवश्यक मरम्मत, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली और स्पष्ट रूप से कहा कि जिन कार्यों के लिए निर्देश दिए गए हैं, उनमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तय समय में तैयारियां पूरी करें, ताकि प्रगति यात्रा के दौरान शहर की व्यवस्था बेहतर तरीके से सामने आ सके।