ओपन क्विज टेस्ट का 16 मार्च को होगा आयोजन

महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 16 मार्च (सोमवार) को ओपन क्विज टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता महाविद्यालय परिसर स्थित कक्ष संख्या–07 में आयोजित होगी। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस प्रतियोगिता में कॉलेज के सभी संकायों के विभिन्न सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं।

ओपन क्विज टेस्ट का 16 मार्च को होगा आयोजन

केटी न्यूज/बक्सर :

महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 16 मार्च (सोमवार) को ओपन क्विज टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता महाविद्यालय परिसर स्थित कक्ष संख्या–07 में आयोजित होगी। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस प्रतियोगिता में कॉलेज के सभी संकायों के विभिन्न सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं।आयोजित होने वाला यह क्विज टेस्ट वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) लिखित परीक्षा के रूप में लिया जाएगा, जिसकी अवधि एक घंटा निर्धारित की गई है।

परीक्षा का समय प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक रखा गया है। प्रतियोगिता का सिलेबस सामान्य ज्ञान पर आधारित होगा, जिसमें विभिन्न विषयों से जुड़े मूलभूत प्रश्न शामिल किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान और तर्कशक्ति को विकसित करने में सहायक होती हैं।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन से छात्रों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है और उन्हें अपने ज्ञान को परखने का अवसर मिलता है।

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो० (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने इस अवसर पर कहा कि शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने ज्ञान का प्रदर्शन करने का आह्वान किया।इस क्विज प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्नातकोत्तर इतिहास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में सहायक प्राध्यापक डॉ. विरेन्द्र कुमार तथा डॉ. नवीन शंकर पाठक द्वारा प्रतियोगिता से संबंधित तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। साथ ही विभाग के शिक्षकों ने अपने-अपने छात्रों से इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।