दो शिक्षकों की करतूत ने प्रधानाध्यापक के शिक्षक सम्मान पर फेर दिया पानी राजकीय शिक्षक

डुमरांव प्रखंड के मध्य विद्यालय, नथुनी अहिर के डेरा में पदस्थापित दो शिक्षकों पर लगे गंभीर आरोपों ने न केवल शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि इसी विद्यालय के प्रधानाध्यापक के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है। राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए बक्सर जिले से चयनित विद्यालय के प्रधानाध्यापक मु. इमाम अली अंसारी को अब पुरस्कार से वंचित होना पड़ सकता है।

दो शिक्षकों की करतूत ने प्रधानाध्यापक के शिक्षक सम्मान पर फेर दिया पानी राजकीय शिक्षक

__ पुरस्कार-2026 के लिए चयनित मु. इमाम अली अंसारी होंगे सम्मान से वंचित, विभाग को पत्र भेजने की तैयारी; छात्राओं से छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो और धमकी के गंभीर आरोपों की जांच तेज

केटी न्यूज/बक्सर

डुमरांव प्रखंड के मध्य विद्यालय, नथुनी अहिर के डेरा में पदस्थापित दो शिक्षकों पर लगे गंभीर आरोपों ने न केवल शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि इसी विद्यालय के प्रधानाध्यापक के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है। राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए बक्सर जिले से चयनित विद्यालय के प्रधानाध्यापक मु. इमाम अली अंसारी को अब पुरस्कार से वंचित होना पड़ सकता है। जिला प्रशासन ने इस संबंध में विभाग को पत्र भेज दिया है।जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, डुमरांव के पत्रांक 771 दिनांक 31 अगस्त 2026 के माध्यम से मध्य विद्यालय, नथुनी अहिर के डेरा में कार्यरत सहायक शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद एवं विद्यालय अध्यापक अरविन्द कुमार के विरुद्ध ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर गंभीर आरोपों से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराया गया है।

आवेदन में दोनों शिक्षकों पर छात्राओं के साथ छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और ऑडियो के माध्यम से धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।हालांकि, विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदन में यह स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वायरल वीडियो में दिखाई दे रही लड़की विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा नहीं है। इसके बावजूद पूरे प्रकरण को लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है।

जिला प्रशासन ने संबंधित प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। साथ ही राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयनित मु. इमाम अली अंसारी को पुरस्कार से वंचित करने के लिए विभाग को पत्र भेज दिया गया है। संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से भी कारण पृच्छा की गई है।ऐसे में जिस विद्यालय के प्रधानाध्यापक को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाना था, उसी विद्यालय के दो शिक्षकों पर लगे गंभीर आरोपों ने उनकी उपलब्धि पर भी ग्रहण लगा दिया है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब उनकी पुरस्कार पाने की उम्मीद पर फिलहाल विराम लगता नजर आ रहा है।