बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए रेलवे की खास व्यवस्था, बक्सर से परीक्षा स्पेशल ट्रेन एक घंटे बाद हुई रवाना
बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा को लेकर रेलवे प्रशासन ने बक्सर स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए थे। परीक्षा की दूसरी पाली समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेन के समय में बदलाव किया।

__ भीड़ प्रबंधन को लेकर प्लेटफॉर्म पर रही कड़ी निगरानी, रेलकर्मियों ने संभाला मोर्चा; अभ्यर्थियों और यात्रियों को नहीं हुई परेशानी
केटी न्यूज/बक्सर।
बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा को लेकर रेलवे प्रशासन ने बक्सर स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए थे। परीक्षा की दूसरी पाली समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेन के समय में बदलाव किया। निर्धारित समय से एक घंटे बाद ट्रेन को बक्सर स्टेशन से दानापुर के लिए रवाना किया गया, ताकि दूसरी पाली के परीक्षार्थियों को भी इसका लाभ मिल सके।रेलवे के अनुसार परीक्षा स्पेशल ट्रेन दोपहर 1:30 बजे निर्धारित थी, लेकिन दूसरी पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को ट्रेन में सफर करने का मौका देने के लिए इसे पुनर्निर्धारित किया गया। इसके बाद ट्रेन दोपहर करीब 2:30 बजे बक्सर स्टेशन से दानापुर के लिए रवाना हुई।

ट्रेन के संचालन के दौरान प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौकस रही और पुलिस व रेलवे अधिकारियों ने हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी।रेल यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय ने बताया कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली दोपहर 1:30 बजे समाप्त हुई थी। परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेन को एक घंटे विलंब से चलाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को भी ट्रेन की सुविधा मिल सकी। साथ ही सामान्य यात्रियों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

__ रेलवे कर्मियों ने संभाली व्यवस्था की कमान
स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार माइकिंग कर अभ्यर्थियों को दिशा-निर्देश दिए जाते रहे। रेलवे कर्मियों ने यात्रियों से धक्का-मुक्की से बचने, कतारबद्ध होकर ट्रेन में प्रवेश करने और संयम बनाए रखने की अपील की। कई स्थानों पर रेलकर्मी स्वयं अभ्यर्थियों की मदद करते नजर आए।रेलवे की बेहतर तैयारी का असर यह रहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मौजूदगी के बावजूद स्टेशन पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में भी अव्यवस्था या हंगामे जैसी कोई स्थिति नहीं बनी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा और यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी की जा रही थी।इस दौरान यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय, आरपीएफ के कुंदन कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह, सीआईटी बक्सर अशोक कुमार, विद्या विलास पाण्डेय सहित कई रेलकर्मी और सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन की इस व्यवस्था से अभ्यर्थियों ने भी राहत महसूस की।

