__ सिमरी के पैलाडीह में पुलिस ने तैयार और अर्धनिर्मित पटाखों का बड़ा जखीरा किया बरामद, 75 बारूद भरी मिट्टी की चुकिया समेत निर्माण सामग्री जब्त; गृहस्वामी गिरफ्तार, बिना लाइसेंस चल रहा था पूरा खेल
केटी न्यूज/डुमरांव।
दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्वों के दौरान आतिशबाजी की मांग बढ़ने के साथ ही अवैध पटाखा कारोबारियों की सक्रियता भी सामने आने लगी है। सिमरी थाना क्षेत्र के पैलाडीह गांव में एक घर के भीतर चोरी-छिपे पटाखा बनाने और बेचने का धंधा चल रहा था। घर की पहली मंजिल के कमरे से लेकर छत तक पटाखों का भंडार जमा था। पुलिस की छापेमारी में इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। मौके से भारी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित पटाखों के साथ निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने गृहस्वामी कैमुद्दीन अंसारी (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।इस कार्रवाई का नेतृत्व डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने किया। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पैलाडीह निवासी कैमुद्दीन अंसारी अपने घर में अवैध तरीके से पटाखों का निर्माण करने के साथ उनकी खरीद-बिक्री भी कर रहा है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार की रात उसके घर पर छापेमारी की।तलाशी के दौरान मकान की पहली मंजिल के एक कमरे में पलंग के नीचे रखे दो कार्टून से विभिन्न प्रकार के तैयार पटाखे मिले। इनमें स्काई शॉट, क्रैकलिंग वार, मोरी छाप के बड़े और छोटे रोलिंग शॉट, पैंटा प्लस तथा पेंसिलनुमा फुलझड़ियों के पैकेट शामिल थे। वहीं, घर की छत पर प्लास्टिक शेड के नीचे रखे एक टब से बारूद भरी मिट्टी की 75 चुकिया फुलझड़ियां बरामद हुईं। इसके अलावा करीब 300 अर्धनिर्मित मिट्टी की चुकिया, नारियल की रस्सी और पटाखा निर्माण में प्रयुक्त होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

__ निर्माण सामग्री का भी मिला बड़ा जखीरा
पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 4.5 किलो बारूद जैसा पदार्थ, तीन किलो कोयले जैसा चूर्ण, दो किलो सोडा जैसा पदार्थ, 500 ग्राम गंधक जैसा पदार्थ, एक किलो चूना जैसा पदार्थ तथा लोहे और एल्यूमीनियम जैसा चूर्ण बरामद किया। बरामदगी के दौरान अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय भी मौके पर पहुंचे। पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध अनुज्ञप्ति मांगे जाने पर गृहस्वामी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया।एसडीपीओ भास्कर रंजन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अवैध तरीके से पटाखा बनाने, भंडारण करने और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 288/290 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 9बी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध पटाखा कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।