जमीन की मापी बनी बवाल की वजह, अमीन के सामने भिड़े दो पक्ष, चार घायल

पुराना भोजपुर में वर्षों से सुलग रहा जमीन विवाद शनिवार को उस समय खुलकर सामने आ गया, जब प्रशासनिक मापी के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर ही जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए।

जमीन की मापी बनी बवाल की वजह, अमीन के सामने भिड़े दो पक्ष, चार घायल

केटी न्यूज/डुमरांव

पुराना भोजपुर में वर्षों से सुलग रहा जमीन विवाद शनिवार को उस समय खुलकर सामने आ गया, जब प्रशासनिक मापी के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर ही जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार गांव में एक भूखंड को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच दावा-प्रतिदावा चल रहा है। विवाद के समाधान के लिए अंचल प्रशासन की ओर से जमीन की मापी कराई जा रही थी।

शनिवार दोपहर अमीन जब मौके पर पहुंचकर सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे, तभी दोनों पक्षों के लोगों के बीच जमीन की वास्तविक स्थिति को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट में रमाकांत दास, श्रीकांत राम, गुल्लू कुमार और अमन कुमार घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी के बाद मापी स्थल पर तनाव कम हुआ और कानून-व्यवस्था बहाल की गई।थानाध्यक्ष ने बताया कि जमीन विवाद से जुड़ी मारपीट की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई है। मामले में आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।