मुंगांव मोड़ पर मौत को मात दे गया हादसा, टक्कर के बाद खेत में जा गिरे ट्रॉली के पहिए
कोरानसराय थाना क्षेत्र के मुंगांव मोड़ पर शनिवार की सुबह हुआ एक भीषण सड़क हादसा किसी बड़े अनहोनी में तब्दील हो सकता था। ट्रैक्टर और ट्रेलर के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रैक्टर की ट्रॉली के दोनों पहिए उखड़कर सड़क किनारे खेत में जा गिरे, जबकि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

__ भोर में गूंजी जोरदार धमाके की आवाज, चालक वाहन छोड़ फरार, पुलिस खंगाल रही दुर्घटना की वजह
केटी न्यूज/डुमरांव
कोरानसराय थाना क्षेत्र के मुंगांव मोड़ पर शनिवार की सुबह हुआ एक भीषण सड़क हादसा किसी बड़े अनहोनी में तब्दील हो सकता था। ट्रैक्टर और ट्रेलर के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रैक्टर की ट्रॉली के दोनों पहिए उखड़कर सड़क किनारे खेत में जा गिरे, जबकि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब सात बजे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के ग्रामीण अपने घरों से निकलकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

मौके पर पहुंचने पर लोगों ने देखा कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क पर खड़े हैं। ट्रॉली के पहिए कई फीट दूर खेत में पड़े थे, जिससे टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय सड़क पर अन्य वाहन या राहगीर मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से गायब मिले। इससे तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोगों का अनुमान है कि चालक हादसे में घायल हुए होंगे और इलाज के लिए चले गए होंगे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही कोरानसराय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर व ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया। हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही दोनों वाहनों के चालकों की पहचान और उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना के बाद चालक कहां गए और उनकी स्थिति क्या है।

