तेज रफ्तार पिकअप ने युवक को रौंदा, हालत नाजुक, चालक वाहन छोड़ फरार

राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर शनिवार को तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर देखने को मिला। टेढ़की पुल के समीप एक बेलगाम पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई, जबकि पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

तेज रफ्तार पिकअप ने युवक को रौंदा, हालत नाजुक, चालक वाहन छोड़ फरार

__ एनएच-120 पर टेढ़की पुल के समीप हुआ हादसा, पुलिस ने पिकअप जब्त कर शुरू की जांच

केटी न्यूज/डुमरांव

राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर शनिवार को तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर देखने को मिला। टेढ़की पुल के समीप एक बेलगाम पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई, जबकि पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।घायल युवक की पहचान कोरानसराय निवासी पवन कुमार वर्मा के पुत्र आदित्य वर्मा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आदित्य बाइक से कोरानसराय से डुमरांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही पिकअप ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई और युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायल युवक को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों ने एनएच-120 पर लगातार बढ़ रहे तेज रफ्तार वाहनों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।