सूने घर पर चोरों का धावा, वार्ड सदस्य के घर से नकदी-जेवरात उड़ाए
राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया पंचायत अंतर्गत जमौली गांव में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पंचायत के वार्ड संख्या सात की सदस्य कलावती देवी के घर में घुसे बदमाश नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।


__ छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश, कब्रिस्तान ले जाकर तोड़ा बक्सा; इलाके में दहशत
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया पंचायत अंतर्गत जमौली गांव में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पंचायत के वार्ड संख्या सात की सदस्य कलावती देवी के घर में घुसे बदमाश नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।जानकारी के अनुसार, वार्ड सदस्य कलावती देवी किसी कार्य से बक्सर गई हुई थीं। उनके पति धनु कुमार भी रिश्तेदारी में गए थे। घर के अन्य सदस्य रात में छत पर सो रहे थे।

इसी दौरान चोरों ने घर के बगल में स्थित जर्जर मिट्टी के मकान का सहारा लेकर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और नीचे के कमरों में रखे बक्सों व अलमारी के ताले तोड़ दिए।चोरों ने घर में रखे करीब 18 हजार रुपये नकद के अलावा हजारों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। एक बक्से का ताला नहीं खुलने पर बदमाश उसे अपने साथ उठा ले गए। बाद में गांव के मुस्लिम कब्रिस्तान के पास बक्सा टूटा हुआ मिला। आशंका है कि चोरों ने वहीं ताला तोड़कर उसमें रखे सामान की तलाशी ली और जरूरी कागजातों को भी नुकसान पहुंचाया।

शनिवार की सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे उतरे तो मुख्य दरवाजा खुला और घर का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। कुछ ही देर बाद कब्रिस्तान के पास टूटा बक्सा और बिखरे कागजात मिलने की सूचना पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।घटना की सूचना मिलने के बाद वार्ड सदस्य के पति ने राजपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद गांव में इस तरह की दुस्साहसिक चोरी हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त सुदृढ़ करने तथा चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

