खेग्रामस सदस्यता अभियान को जनआंदोलन बनाने की रणनीति, डुमरांव में भाकपा-माले कार्यकर्ताओं का जिला सम्मेलन
संघर्षों को तेज करने और संगठन विस्तार की रणनीति तय करने के उद्देश्य से भाकपा-माले एवं खेग्रामस के कार्यकर्ताओं का जिला स्तरीय सम्मेलन शनिवार को नगर भवन डुमरांव में आयोजित किया गया। सम्मेलन में आगामी सदस्यता अभियान को व्यापक जनसंपर्क अभियान के रूप में चलाने तथा ग्रामीण गरीबों, खेत मजदूरों और भूमिहीनों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।


__ महंगाई, बेरोजगारी और भूमिहीनों के अधिकार के मुद्दों को गांव-गांव ले जाने का आह्वान, विभिन्न प्रखंडों के लिए प्रभारियों की जिम्मेदारी तय
केटी न्यूज/डुमरांव :
संघर्षों को तेज करने और संगठन विस्तार की रणनीति तय करने के उद्देश्य से भाकपा-माले एवं खेग्रामस के कार्यकर्ताओं का जिला स्तरीय सम्मेलन शनिवार को नगर भवन डुमरांव में आयोजित किया गया। सम्मेलन में आगामी सदस्यता अभियान को व्यापक जनसंपर्क अभियान के रूप में चलाने तथा ग्रामीण गरीबों, खेत मजदूरों और भूमिहीनों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।सम्मेलन की अध्यक्षता भाकपा-माले के केंद्रीय कमेटी सदस्य एवं जिला सचिव नवीन कुमार ने की, जबकि संचालन खेग्रामस के जिला सचिव नारायण दास ने किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह रहे। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबों की समस्याएं आज गंभीर चुनौती बनी हुई हैं। ऐसे मुद्दों को लेकर संगठन को गांव स्तर तक सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

वक्ताओं ने कहा कि 5 जून से 5 अगस्त तक चलने वाले खेग्रामस सदस्यता अभियान को केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे जनहित के सवालों से जोड़कर व्यापक जनअभियान का स्वरूप दिया जाएगा। अभियान के दौरान मजदूरों को रोजगार, मनरेगा को मजबूत बनाने, उचित मजदूरी, भूमिहीनों को बासगीत भूमि का अधिकार तथा गरीब परिवारों के आवास संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया।सम्मेलन में यह भी निर्णय लिया गया कि सदस्यता अभियान के दौरान पंचायत और गांव स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा स्थानीय समस्याओं को लेकर आंदोलनात्मक कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। नेताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष को मजबूत करना है।

राज्य स्तर पर तय लक्ष्य के अनुरूप जिले में सदस्यता अभियान को गति देने के लिए विभिन्न प्रखंडों में जिम्मेदार नेताओं की तैनाती की गई। ये नेता अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी करेंगे तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जोड़ने का काम करेंगे। सम्मेलन में संगठनात्मक मजबूती के लिए जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर कमेटियों को अधिक सक्रिय बनाने पर भी बल दिया गया।कार्यक्रम को धर्मेंद्र कुमार सिंह, संध्या पाल, रामदेव सिंह, कन्हैया महतो, हरेंद्र राम, राजदेव सिंह, अखिलेश ठाकुर, जगनारायण शर्मा, ललन प्रसाद, बीरेंद्र सिंह और वीरेंद्र यादव समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा सदस्यता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

