घोड़ों की टापों से गूंजा नियाज़ीपुर का मैदान, विजेताओं पर बरसे इनाम
नियाज़ीपुर पुराना अखाड़ा में महावीर पूजा समिति सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य घोड़ा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे घुड़सवारों ने अपने घोड़ों के साथ रफ्तार, फुर्ती और संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया। घोड़ों की टापों की गूंज, घुड़सवारों के दमखम और दर्शकों की तालियों से पूरा मैदान उत्साह से सराबोर रहा।

__ महावीर पूजा समिति सेवा ट्रस्ट की घुड़दौड़ प्रतियोगिता में दिखा घुड़सवारों का दमखम, प्रथम विजेता को फ्रिज, दूसरे को कूलर और तीसरे को मिला स्टैंड पंखा
केटी न्यूज/सिमरी।
नियाज़ीपुर पुराना अखाड़ा में महावीर पूजा समिति सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य घोड़ा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे घुड़सवारों ने अपने घोड़ों के साथ रफ्तार, फुर्ती और संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया। घोड़ों की टापों की गूंज, घुड़सवारों के दमखम और दर्शकों की तालियों से पूरा मैदान उत्साह से सराबोर रहा। रोमांचक मुकाबले के बाद विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। फाइनल रेस के विजेता को फ्रिज, उपविजेता को एयर कूलर और तीसरे स्थान पर रहे प्रतिभागी को स्टैंड पंखा प्रदान किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता किशुन बिहारी पाठक ने की, जबकि मुख्य अतिथि अनिल सम्राट रहे। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अध्यक्ष किशुन बिहारी पाठक ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक खेलों और घुड़सवारी की कला को प्रोत्साहित करने के साथ सामाजिक भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करना है।

__ दो दांत की रेस में पुतुल चौबे ने मारी बाजी
प्रतियोगिता की दो दांत श्रेणी में धामनिया, आरा के पुतुल चौबे के घोड़े ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस घोड़े के सवार सरोज सिंह थे। दूसरे स्थान पर दुल्लापुर, बक्सर के डॉ. यादव के घोड़े ने जगह बनाई, जिसके सवार वीरेंद्र सिंह थे। वहीं, मोतिहारी के रानी कोठी निवासी सैयद फरहान अहमद के घोड़े ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके सवार मेघु थे।

__ फाइनल रेस में डब्लू राय के घोड़े का जलवा
फाइनल रेस में पीरो के डब्लू राय के घोड़े ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस घोड़े के सवार दीपक यादव थे। विजेता को फ्रिज देकर सम्मानित किया गया। मोतिहारी के रानी कोठी निवासी सैयद फरहान अहमद का घोड़ा दूसरे स्थान पर रहा, जिसके सवार मेघु थे। उन्हें एयर कूलर प्रदान किया गया। तीसरे स्थान पर पटना के चक्रम निवासी बिट्टू यादव का घोड़ा रहा, जिसके सवार मनोज जी थे। उन्हें स्टैंड पंखा देकर पुरस्कृत किया गया। अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर नवानगर प्रखंड प्रमुख अंकित यादव, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष अच्छेबर यादव, केशवपुर मुखिया छोटू मिश्रा, मुन्ना सिंह, राजपुर के सत्यनारायण पाठक, प्राथमिक शिक्षक प्रबंधक राजेश यादव, राजद नेता राजेश यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ट्रस्ट के सचिव राजेंद्र यादव तथा सदस्य कन्हैया पाठक, मार्कण्डेय पाठक, पंडित अभय कृष्ण पाठक, अरुण पाठक, नागेंद्र पाठक उर्फ डब्लू पाठक, सोनू पाठक, प्रभुनाथ पाठक, अभिषेक पाठक, राकेश पाठक, रोहित पाठक, सुरेश पाठक, अजीत यादव, साधु पाठक, मनीष कुमार पाठक, वीरेंद्र यादव, हीरा यादव, इकराम पाठक, संजय पाठक, नीरज पाठक और राहुल पाठक समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


