रोमांचक फाइनल में भदार ने बक्सर को हराकर जीता खिताब

प्रखंड के शिवपुर खेल मैदान में फादर्स ड्रीम रूरल क्रिकेट लीग के तत्वावधान में आयोजित डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन बुधवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल में भदार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बक्सर को चार विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।

रोमांचक फाइनल में भदार ने बक्सर को हराकर जीता खिताब

__ फादर्स ड्रीम रूरल क्रिकेट लीग का समापन, विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार

केटी न्यूज/केसठ

प्रखंड के शिवपुर खेल मैदान में फादर्स ड्रीम रूरल क्रिकेट लीग के तत्वावधान में आयोजित डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन बुधवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल में भदार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बक्सर को चार विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की भारी भीड़ ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।फाइनल मुकाबले का उद्घाटन राजद के वरिष्ठ नेता सुनील कुमार सिंह उर्फ पप्पू यादव तथा पूर्व मुखिया धनंजय सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुनील कुमार सिंह ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, समर्पण और भाईचारे का संदेश देता है।

खेलकूद की गतिविधियां न केवल शारीरिक विकास में सहायक होती हैं, बल्कि समाज में सौहार्द और एकता को भी मजबूत करती हैं।मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बक्सर की टीम ने निर्धारित आठ ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 63 रन बनाए। टीम के बल्लेबाजों ने संयमित खेल का प्रदर्शन करते हुए सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भदार की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सात ओवर में चार विकेट खोकर 64 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। अंतिम ओवरों तक चले इस रोमांचक संघर्ष ने दर्शकों को सीटों से बांधे रखा।पूरे मैच की कमेंट्री विद्यासागर ने की, जबकि नौशाद आलम और टुनटुन यादव ने अंपायर की भूमिका निभाई।

समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता भदार टीम को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता बक्सर टीम को भी ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर उनके प्रदर्शन की सराहना की गई।आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट में कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर अख्तर अली, शरारत अली, मुख्तार अली, समीर अंसारी, बादल पासवान, राजीव सिंह, मुस्तफा आलम सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजन के सफल समापन पर खिलाड़ियों और दर्शकों ने खुशी जताई।