बक्सर में 5 जून को रोजगार शिविर, 20 पदों पर होगा चयन

जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में 5 जून को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा।

बक्सर में 5 जून को रोजगार शिविर, 20 पदों पर होगा चयन

__ 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों को मिलेगा अवसर, मौके पर होगी नियुक्ति प्रक्रिया

केटी न्यूज/बक्सर

जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिला नियोजनालय, बक्सर के तत्वावधान में 5 जून को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में निजी क्षेत्र की संस्था समावेश फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।जानकारी के अनुसार संस्था द्वारा क्षेत्रीय सेवा पदाधिकारी (फील्ड सर्विस ऑफिसर) के 20 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।

न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट अथवा स्नातक रखी गई है।कंपनी की ओर से शाखा स्तर पर आवास एवं भोजनालय की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त आकर्षक प्रोत्साहन राशि, भविष्य निधि (पीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), ग्रेच्युटी, बीमा सुविधा, समय-समय पर पदोन्नति तथा सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।रोजगार शिविर का आयोजन संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित जिला नियोजनालय परिसर में किया जाएगा। शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा। अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर मौके पर ही चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी अभी तक पंजीकृत नहीं हैं, वे राष्ट्रीय करियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। शिविर में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने बायोडाटा तथा आधार कार्ड के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है। नियोजनालय की भूमिका इस पूरी प्रक्रिया में केवल सुविधा प्रदाता की होगी, जबकि नियुक्ति संबंधी सभी शर्तों एवं प्रक्रियाओं के लिए नियोजक संस्था स्वयं उत्तरदायी होगी। जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों से रोजगार शिविर में भाग लेकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।