मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर एसडीओ ने छात्राओं को किया प्रेरित
डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2025 का कार्य जोरों पर चल रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को सुमित्र महिला महाविद्यालय के सेमिनार सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर तथा महाविद्यालय की सैकड़ों छात्राएं एवं प्रवक्ताओं ने भाग लिया।

केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2025 का कार्य जोरों पर चल रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को सुमित्र महिला महाविद्यालय के सेमिनार सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर तथा महाविद्यालय की सैकड़ों छात्राएं एवं प्रवक्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुमंडलाधिकारी राकेश कुमार ने छात्राओं को अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी और उन्हें सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया। एसडीओ ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की नींव मजबूत करने के लिए हर नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं।
इसमें नागरिकों को अपना सही विवरण, आवश्यक स्वप्रमाणित दस्तावेज और घोषणापत्र संलग्न कर बीएलओ को उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि आज के डिजिटल युग में नागरिक अपने मोबाइल फोन या ऑनलाइन माध्यमों से भी यह फॉर्म भर सकते हैं। एसडीओ ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं इस प्रक्रिया में भाग लें बल्कि अपने परिवार व आस-पड़ोस के लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी इस अभियान को सफल बनाने में सबसे अहम भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शोभा सिंह ने कहा कि हमारे एनसीसी व एनएसएस की छात्राएं बीएलओ के संपर्क में रहकर अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को इस अभियान की जानकारी देंगी और उन्हें फॉर्म भरने में मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन इस अभियान को पूर्ण रूप से सहयोग देगा और छात्राओं को हर संभव समर्थन उपलब्ध कराया जाएगा। प्रोफेसर डॉ. सुभाष चंद्रशेखर, डॉ. कुमार मंगलम, भूगोल विभाग के डॉ. संजय कुमार सिंह, तथा प्रो. डॉ. वीरेंद्र बिहारी सिंह ने भी इस अभियान की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शंभू नाथ त्रिवेदी ने बताया कि यह अभियान पूरे अनुमंडल क्षेत्र में चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छात्राएं नजदीकी ऑनलाइन सेवा केंद्र या वोटर हेल्पलाइन ऐप के जरिए भी इस फॉर्म को भरवा सकती हैं। एनसीसी प्रभारी अमृता सिंह व श्रीकांत सिंह ने कहा कि देश के जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में यह अभियान एक सार्थक पहल है, जिसमें युवाओं की भागीदारी न केवल उनके सामाजिक दायित्व को दर्शाती है,
बल्कि लोकतंत्र को भी मजबूती प्रदान करती है। इस मौके पर महाविद्यालय की छात्राएं बेबी कुमारी, गीता, यासमीन, निक्की कुमारी, प्रिंसी कुमारी, सीता कुमारी, हंपी कुमारी, ज्योति कुमारी, धर्मशिला कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, करीना कुमारी, रीता कुमारी, संगीता कुमारी, रंजना कुमारी समेत सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं और अभियान को सफल बनाने की शपथ ली।