चौसा स्टेशन के पास ट्रैक पर मिला युवक का शव, पहचान में जुटी जीआरपी, बाधित हुआ परिचालन

दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर मंगलवार की देर शाम उस समय हलचल मच गई, जब चौसा रेलवे स्टेशन के समीप डाउन लाइन ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली। घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा और रेलवे अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

चौसा स्टेशन के पास ट्रैक पर मिला युवक का शव, पहचान में जुटी जीआरपी, बाधित हुआ परिचालन

केटी न्यूज/चौसा

दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर मंगलवार की देर शाम उस समय हलचल मच गई, जब चौसा रेलवे स्टेशन के समीप डाउन लाइन ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली। घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा और रेलवे अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब आठ बजे स्टेशन के समीप ट्रैक पर एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलने पर स्टेशन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, जहां युवक की मौत हो चुकी थी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई।घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर ने रेल पुलिस को सूचित किया। इसके बाद जीआरपी और रेलवे कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को ट्रैक से हटाने की कार्रवाई शुरू की। शव ट्रैक पर पड़े रहने के कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों को निर्धारित गति से कम रफ्तार में चलाया गया, जबकि कुछ ट्रेनों को एहतियातन नियंत्रित कर आगे बढ़ाया गया।

रेलवे अधिकारियों द्वारा शव हटाए जाने और ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद रेल यातायात सामान्य हो सका। घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई थी।जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है। पहचान के लिए आसपास के थानों और रेलवे स्टेशनों को सूचना भेजी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस युवक की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।