एटीएम पर मददगार बनकर आया युवक, बदल दिया कार्ड; खाते से उड़े 40 हजार रुपये
स्थानीय बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठग ने एटीएम से रुपये निकालने में मदद करने के बहाने कार्ड बदल दिया और कुछ ही मिनटों में खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। मामले को लेकर पीड़ित ने स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

केटी न्यूज/नावानगर
स्थानीय बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठग ने एटीएम से रुपये निकालने में मदद करने के बहाने कार्ड बदल दिया और कुछ ही मिनटों में खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। मामले को लेकर पीड़ित ने स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के रूपसागर गांव निवासी हरिद्वार प्रसाद 28 मई की शाम पीएनबी एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। उनके अनुसार, एटीएम कक्ष में पहले से एक युवक मौजूद था, जो उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। शाम करीब 6:20 बजे जब उन्होंने एटीएम मशीन में कार्ड डालकर निकासी का प्रयास किया, तो लेन-देन सफल नहीं हुआ।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उनका पिन नंबर देख लिया और किसी बहाने से उनका एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा दिया। घटना के समय उन्हें कार्ड बदलने की भनक तक नहीं लगी। एटीएम से बाहर निकलने के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 40 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश प्राप्त हुआ। मैसेज देखते ही उनके होश उड़ गए और उन्होंने मामले की जानकारी संबंधित बैंक तथा पुलिस को दी। घटना ने एक बार फिर एटीएम केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और ग्राहकों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे।

