यूपी-बिहार सीमा पर गांजा तस्करी की खेप पकड़ी गई, पुलिस के जाल में फंसा तस्कर

उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा एक बार फिर नशीले पदार्थों की तस्करी का गलियारा बनने की कोशिश में थी, लेकिन राजपुर पुलिस की सतर्कता ने तस्करों की योजना पर पानी फेर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने एक किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

यूपी-बिहार सीमा पर गांजा तस्करी की खेप पकड़ी गई, पुलिस के जाल में फंसा तस्कर

__ देवल पुल के पास कार्रवाई, एक किलो गांजा बरामद; नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपित की तलाश में छापेमारी तेज

केटी न्यूज/राजपुर

उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा एक बार फिर नशीले पदार्थों की तस्करी का गलियारा बनने की कोशिश में थी, लेकिन राजपुर पुलिस की सतर्कता ने तस्करों की योजना पर पानी फेर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने एक किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से गांजे की खेप बिहार में पहुंचाई जाने वाली है।

सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई और देवल पुल के समीप निगरानी बढ़ा दी गई। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया।गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के गहमर गांव निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने स्वीकार किया है कि वह अकेला नहीं था और उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी इस कारोबार में शामिल है।

हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान दूसरा आरोपित भागने में सफल रहा। उसकी पहचान कर ली गई है तथा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस का मानना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क की भी कड़ियां जुड़ी हो सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस गिरफ्तार तस्कर के संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपित को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।