खेत जुताई विवाद में दो भाइयों की पिटाई, मुखिया परिवार के चार लोगों पर प्राथमिकी

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में खेत की जुताई को लेकर विवाद के बाद दो सगे भाइयों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ितों ने पंचायत के मुखिया परिवार से जुड़े चार लोगों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खेत जुताई विवाद में दो भाइयों की पिटाई, मुखिया परिवार के चार लोगों पर प्राथमिकी

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में खेत की जुताई को लेकर विवाद के बाद दो सगे भाइयों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ितों ने पंचायत के मुखिया परिवार से जुड़े चार लोगों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाने में दिए आवेदन के अनुसार, नुआंव गांव निवासी अशोक सिंह और भरत सिंह बीते 19 जून को अपने खेत की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और खेत जोतने से मना करने लगे। आरोप है कि जब दोनों भाइयों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। लाठी-डंडे से हुई पिटाई में दोनों भाई घायल हो गए।पीड़ितों ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि विवाद का कारण पंचायत चुनाव से जुड़ा पुराना विवाद है।

उनका कहना है कि आरोपितों ने वोट नहीं देने की बात को लेकर नाराजगी जताई और इसी मुद्दे को लेकर उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने चुनाव में समर्थन नहीं करने को लेकर धमकी दी।दर्ज प्राथमिकी में अशोक सिंह और भरत सिंह ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके पास मौजूद मोबाइल, नगदी और गले में पहना महावीर लॉकेट भी छीन लिया गया। साथ ही आरोपितों द्वारा शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने की बात भी कही गई है।मामले में घायल दोनों भाइयों के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाना में नंद जी, रवि यादव, ज्योति यादव और राजा यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।