गिरधर बरांव की बेटी ने रचा सफलता का इतिहास, खुशबू सिंह बनीं उप समाहर्ता

नावानगर प्रखंड अंतर्गत गिरधर बरांव गांव की बेटी खुशबू सिंह ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर बड़ी सफलता हासिल की है। 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 54वीं रैंक प्राप्त कर खुशबू सिंह का चयन उप समाहर्ता (एसडीएम स्तर के पद) के रूप में हुआ है।

गिरधर बरांव की बेटी ने रचा सफलता का इतिहास, खुशबू सिंह बनीं उप समाहर्ता

__ 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 54वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया बक्सर का गौरव, संघर्ष और मेहनत के दम पर मुकाम हासिल

केटी न्यूज/नावानगर

 नावानगर प्रखंड अंतर्गत गिरधर बरांव गांव की बेटी खुशबू सिंह ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर बड़ी सफलता हासिल की है। 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 54वीं रैंक प्राप्त कर खुशबू सिंह का चयन उप समाहर्ता (एसडीएम स्तर के पद) के रूप में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव, प्रखंड और जिले में खुशी की लहर है।खुशबू सिंह सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक सुदामा सिंह एवं आरती देवी की पुत्री हैं। वर्तमान में उनका परिवार बक्सर शहर के सिविल लाइंस में निवास करता है। शुरुआती दौर से ही पढ़ाई के प्रति समर्पित रहने वाली खुशबू ने सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच भी अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया।

निरंतर अध्ययन, आत्मविश्वास और अनुशासित तैयारी के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।सफलता मिलने के बाद खुशबू सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयास सबसे जरूरी है। यदि मन में दृढ़ संकल्प हो तो कठिन परिस्थितियां भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं।खुशबू की सफलता पर उनके भाई ओम जी सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बहन ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार का नाम रोशन किया है। उसकी सफलता से पूरे परिवार को गर्व है। उन्होंने कहा कि खुशबू ने साबित कर दिया है कि बेटियां भी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं।

खुशबू सिंह की उपलब्धि की जानकारी मिलते ही गिरधर बरांव सहित आसपास के क्षेत्रों में बधाई देने वालों का तांता लग गया। गांव के लोगों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।ग्रामीणों का कहना है कि खुशबू सिंह की सफलता क्षेत्र की छात्राओं और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। उनकी मेहनत और सफलता यह संदेश देती है कि लगन और सही दिशा में किए गए प्रयास से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।बक्सर की इस बेटी ने अपनी सफलता से जिले का मान बढ़ाया है और प्रशासनिक सेवा में कदम रखकर एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।