नैनीजोर में शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 30 लीटर देसी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीजोर थाना पुलिस ने एक बार फिर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान 30 लीटर देसी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से शराब ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही अपाचे बाइक भी जब्त की गई है।

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीजोर थाना पुलिस ने एक बार फिर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान 30 लीटर देसी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से शराब ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही अपाचे बाइक भी जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार, नैनीजोर थाना क्षेत्र में रविवार की रात एएसआई रणबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्ती और वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी क्रम में करीब 10 बजे महुआर गांव स्थित डेगा बाबा के समीप सड़क पर एक अपाचे बाइक सवार युवक पुलिस को संदिग्ध अवस्था में नजर आया।

पुलिस ने जब उसे रोककर पूछताछ की और बाइक की तलाशी ली तो उसके पास से 30 लीटर देसी शराब बरामद हुई।शराब बरामद होते ही पुलिस ने बाइक सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेउरपौखार गांव निवासी हरेन्द्र सिंह (33 वर्ष), पिता रामदेव सिंह के रूप में की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शराब को किसी स्थान पर पहुंचाने की तैयारी में था, लेकिन वाहन जांच के दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।नैनीजोर थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार बैठा ने बताया कि गश्ती अभियान के दौरान यह सफलता मिली है।

आरोपी के पास से बरामद शराब और शराब परिवहन में प्रयुक्त अपाचे बाइक को जब्त कर लिया गया है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

