श्रम विभाग की छापेमारी में वाहन गैराज से तीन बाल श्रमिक मुक्त

बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रम विभाग की टीम ने शुक्रवार को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के धरहरा बाजार स्थित एक वाहन गैराज में छापेमारी कर तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि नाबालिग बच्चों से वाहन मरम्मत से संबंधित कार्य कराया जा रहा था।

श्रम विभाग की छापेमारी में वाहन गैराज से तीन बाल श्रमिक मुक्त

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रम विभाग की टीम ने शुक्रवार को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के धरहरा बाजार स्थित एक वाहन गैराज में छापेमारी कर तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि नाबालिग बच्चों से वाहन मरम्मत से संबंधित कार्य कराया जा रहा था। इसके बाद तीनों बच्चों को तत्काल वहां से मुक्त कराते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।जानकारी के अनुसार श्रम विभाग को सूचना मिली थी कि धरहरा बाजार स्थित श्री गणेश मोटर्स में बाल श्रमिकों से कार्य कराया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए श्रम विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान तीन नाबालिग बच्चों के काम करने की पुष्टि हुई।

टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों को श्रम से मुक्त कराया तथा संबंधित प्रतिष्ठान के संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (श्रम इंस्पेक्टर) विजय कुमार तिवारी ने बताया कि बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी व्यवसाय या प्रतिष्ठान में कार्य कराना दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्थान कार्यस्थल नहीं बल्कि विद्यालय है। विभाग बाल श्रम के मामलों को लेकर लगातार निगरानी रख रहा है और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं बाल श्रम कराया जाता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल श्रम विभाग को दें, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।