सड़े आम की आड़ में शराब की तस्करी का खेल, वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद
शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मद्य निषेध विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर शनिवार की अहले सुबह करीब 4 बजे वाहन जांच के दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सड़े-गले आम की आड़ में छिपाकर शराब का परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई का नेतृत्व वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट प्रभारी निरीक्षक मद्य निषेध कुंदन कुमार ने किया।

__ मद्य निषेध विभाग की कार्रवाई, निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया ट्रक; कैरेट में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
केटी न्यूज/बक्सर।
शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मद्य निषेध विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर शनिवार की अहले सुबह करीब 4 बजे वाहन जांच के दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सड़े-गले आम की आड़ में छिपाकर शराब का परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई का नेतृत्व वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट प्रभारी निरीक्षक मद्य निषेध कुंदन कुमार ने किया।जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह चेक पोस्ट के ऊपरी पुल पर विभाग की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई। बाहर से ट्रक में आम से भरे कैरेट दिखाई दे रहे थे। लेकिन जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद ट्रक की गहन तलाशी ली गई।

तलाशी में आम के कैरेट के बीच छिपाकर रखी गई शराब की खेप बरामद हुई।तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए शराब को फल की आड़ में छिपाने का तरीका अपनाया था। ट्रक में रखे कई कैरेट में सड़ा-गला आम था, जबकि उन्हीं के बीच शराब की बोतलें छिपाकर ले जाई जा रही थीं। टीम ने ट्रक को जब्त कर लिया और बरामद शराब की गिनती व मिलान की प्रक्रिया शुरू की।मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शराब तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की खेप को बिहार में पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन चेक पोस्टों पर सख्त निगरानी और लगातार वाहन जांच के कारण ऐसे मामलों का खुलासा हो रहा है।

इस कार्रवाई के बाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।फिलहाल जब्त ट्रक और बरामद शराब को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, विभाग ट्रक चालक और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने में लगा है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह शराब किसी बड़े नेटवर्क के जरिए बिहार पहुंचाई जा रही थी।वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर हुई इस कार्रवाई को शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। मद्य निषेध विभाग की सक्रियता से एक बार फिर तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया है।

