__ श्रम विभाग, पुलिस और सामाजिक संस्था की संयुक्त टीम ने की छापेमारी; दोषी नियोजक पर प्राथमिकी दर्ज करने के साथ बाल श्रमिक के पुनर्वासन की होगी पहल
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।
बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रम विभाग की धावा दल ने बुधवार को ब्रह्मपुर प्रखंड में कार्रवाई करते हुए एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया। यह कार्रवाई श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा जिलाधिकारी बक्सर के निर्देश पर की गई। अभियान के दौरान संबंधित स्थान पर पहुंची टीम ने बाल श्रमिक को काम से मुक्त कराते हुए उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया।इस संयुक्त धावा दल में ब्रह्मपुर, नावानगर, चौगाईं एवं सिमरी के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी शामिल थे। कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए ब्रह्मपुर थाना की पुलिस टीम के साथ स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के सदस्य भी मौजूद रहे। सभी के समन्वित प्रयास से बाल श्रमिक को मुक्त कराने में सफलता मिली।

मुक्त कराए गए बाल श्रमिक को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिला बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, बाल श्रम कराने वाले दोषी नियोजक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही मुक्त बाल श्रमिक के पुनर्वासन और उसे सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।श्रम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है। इसे रोकने के लिए बक्सर जिले में लगातार धावा दल के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।