__ राजपुर, तियरा समेत कई बाजारों में चला औचक जांच अभियान, सीओ ने दी कड़ी चेतावनी; गड़बड़ी मिलने पर दुकानदारों पर होगी कानूनी कार्रवाई
केटी न्यूज/राजपुर।
त्योहारों के उल्लास के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों की अब खैर नहीं। मिठाइयों की बढ़ती मांग के साथ मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को राजपुर, तियरा समेत आसपास के बाजारों में मिठाई दुकानों पर औचक छापेमारी कर दुकानदारों को साफ संदेश दिया गया कि त्योहार की आड़ में मिलावटखोरी और मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अंचल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह और राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में हुई संयुक्त कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में अफरातफरी का माहौल रहा।

इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को मिठाइयों के निर्माण, रखरखाव और बिक्री में खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी। साथ ही साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया।सीओ डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जांच में मिलावट अथवा अन्य अनियमितता सामने आने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान महज एक दिन की औपचारिकता नहीं है।

क्षेत्र की सभी मिठाई दुकानों पर लगातार निगरानी और जांच की जाएगी, ताकि आम लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।प्रशासन ने उपभोक्ताओं से भी सजग रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, ताजगी और दुकान की साफ-सफाई पर ध्यान दें। कहीं मिलावट या घटिया सामग्री के इस्तेमाल का संदेह हो तो तत्काल संबंधित विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। प्रशासन की इस पहल का मकसद त्योहारों की खुशियों को मिलावट के जहर से बचाना और लोगों की सेहत की हिफाजत करना है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।