गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब, प्रशासन अलर्ट

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने बक्सर में प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नदी का जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है और 58.59 मीटर तक पहुंच गया है। यह चेतावनी स्तर 59.32 मीटर के बेहद करीब है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब, प्रशासन अलर्ट

__ 58.59 मीटर पहुंचा गंगा का पानी, रामरेखा घाट का डीएम ने किया निरीक्षण; घाटों पर लगेंगे सांकेतिक चिह्न, कंट्रोल रूम को लाइट एंड साउंड के पास शिफ्ट करने का निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर।

गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने बक्सर में प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नदी का जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है और 58.59 मीटर तक पहुंच गया है। यह चेतावनी स्तर 59.32 मीटर के बेहद करीब है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी साहिला ने गुरुवार को रामरेखा घाट का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रामरेखा घाट स्थित कंट्रोल रूम को लाइट एंड साउंड के समीप स्थानांतरित करने का निर्देश दिया, ताकि बाढ़ की स्थिति में निगरानी और सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाया जा सके। इसके साथ ही गंगा के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़-कटाव के खतरे को देखते हुए विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर सांकेतिक चिह्न लगाने का भी निर्देश दिया गया है।

__घाटों और डूब वाले इलाकों से रहें दूर

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बढ़ते जलस्तर के दौरान लोग गंगा नदी के घाटों, तटीय इलाकों और डूब वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। नदी के किनारे अनावश्यक भीड़ लगाने से भी परहेज करें।प्रशासन ने उफनती गंगा में स्नान, तैराकी, नौका विहार अथवा रील और वीडियो बनाने जैसी जोखिम भरी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहने की अपील की है। विशेष रूप से अभिभावकों से छोटे बच्चों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने को कहा गया है। पशुपालकों को भी अपने मवेशियों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।

__अफवाहों पर नहीं, प्रशासन की सूचना पर करें भरोसा

बाढ़ की आशंका के बीच सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि वे केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी आपात स्थिति अथवा जलभराव की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 0618-3223333 पर दी जा सकती है।जिला प्रशासन ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और संभावित बाढ़ की स्थिति में सतर्कता बरतते हुए सहयोग करें।