__ गैस कनेक्शन विस्तार में लापरवाही पर जताई नाराजगी, अलग संवेदक की होगी तैनाती; सरकारी कर्मियों से लेकर आम नागरिकों तक चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
केटी न्यूज/बक्सर।
डुमरांव अनुमंडल में पाइपलाइन नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन के विस्तार और उसके उपयोग की रफ्तार बेहद धीमी होने पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अनुमंडल में 498 पीएनजी मीटर अधिष्ठापित किए जा चुके हैं, लेकिन इनमें से महज 20 ही चालू हो पाए हैं। इस निराशाजनक स्थिति पर डीएम साहिला ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों और गैस एजेंसी को काम में तेजी लाने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक ऊर्जा व्यवस्था का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में बुधवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला आपूर्ति पदाधिकारी, बक्सर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, डुमरांव तथा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के पीएनजी अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में पीएनजी कनेक्शन के विस्तार, अधिष्ठापित मीटरों की क्रियाशीलता और आम लोगों को इस सुविधा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।

__ डुमरांव के लिए अलग संवेदक होगा तैनात
समीक्षा के दौरान सामने आए आंकड़ों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। 498 मीटर लगाए जाने के बावजूद केवल 20 कनेक्शन चालू होना कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने आईओसीएल को डुमरांव अनुमंडल के लिए अलग संवेदक नियुक्त करने का निर्देश दिया। यह संवेदक विशेष रूप से इसी अनुमंडल में पीएनजी कनेक्शन के विस्तार, अधिष्ठापन और संचालन का काम देखेगा। इससे कार्यों में तेजी आने और लंबित कनेक्शनों को शीघ्र चालू कराने की उम्मीद है।

__ अधिकारियों को भी पीएनजी अपनाने के लिए करेंगे प्रेरित
डीएम ने क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी और समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन के अधिष्ठापन, संचालन और प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया। स्थानीय स्तर पर आने वाली तकनीकी अथवा अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, एसडीओ डुमरांव को सरकारी पदाधिकारियों और कर्मियों को पीएनजी के फायदे समझाकर उन्हें पाइपलाइन गैस कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रशासन का मानना है कि सरकारी कर्मियों की सहभागिता से इस सुविधा के प्रति आम लोगों का भरोसा बढ़ेगा।

__ चौक-चौराहों पर लगेंगे बैनर-पोस्टर, ऑडियो जिंगल से होगा प्रचार
पीएनजी के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नगर परिषद डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारी को विभिन्न प्रचार माध्यमों के साथ ऑडियो जिंगल के जरिए पीएनजी के लाभों का प्रचार करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा आईओसीएल के प्रतिनिधियों को अनुमंडल के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग, बैनर एवं पोस्टर लगाने को कहा गया है। इनके माध्यम से लोगों को कनेक्शन लेने की प्रक्रिया, उपलब्धता और पाइपलाइन गैस के लाभों की जानकारी दी जाएगी। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के प्रतिनिधियों को आपसी तालमेल के साथ निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से अधिष्ठापित लेकिन बंद पड़े मीटरों को जल्द चालू कराने पर जोर दिया। अब देखना यह होगा कि प्रशासन की इस सख्ती के बाद डुमरांव में पीएनजी कनेक्शन की सुस्त रफ्तार कितनी तेजी से बदलती है और 498 उपभोक्ताओं तक पाइपलाइन गैस की सुविधा कब तक पहुंच पाती है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।