7 अक्टूबर को धरना देगा लोक कल्याणकारी मंच

डुमरांव प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और बिचौलियों के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ अब लोक कल्याणकारी मंच ने मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। मंच की ओर से 7 अक्टूबर को प्रखंड कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना दिया जाएगा।

7 अक्टूबर को धरना देगा लोक कल्याणकारी मंच

__ प्रखंड-अंचल कार्यालय में बिना रिश्वत काम नहीं होने का आरोप, कर्मियों के परिचय पत्र और दुकानों पर पंजीयन बोर्ड लगाने की मांग

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और बिचौलियों के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ अब लोक कल्याणकारी मंच ने मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। मंच की ओर से 7 अक्टूबर को प्रखंड कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना दिया जाएगा। आंदोलन को लेकर डुमरांव में आयोजित बैठक में रणनीति तय की गई तथा प्रशासन से कार्यालयी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग उठाई गई।मंच के प्रखंड अध्यक्ष विवेक सिंह उर्फ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि धरने के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।

मंच के संयोजक डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में आम लोगों को अपने काम के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।उनका दावा है कि बिना लेन-देन के कई कार्यों के निष्पादन में अड़चन आती है और कार्यालय परिसर में बिचौलियों की सक्रियता बनी रहती है।मंच ने विशेष रूप से गरीब, किसान और मजदूरों से जुड़े राजस्व एवं प्रखंड स्तरीय कार्यों में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाया है। डॉ. सिंह ने कहा कि आम लोगों के अधिकारों की हकमारी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।जिला उपाध्यक्ष रामबाबू कुशवाहा ने कार्यालय में कार्यरत सभी कर्मियों के लिए परिचय पत्र अनिवार्य करने की मांग की।

साथ ही कार्यालय परिसर में आवंटित दुकानों पर पंजीयन संख्या के साथ बोर्ड लगाने की व्यवस्था करने की बात कही, ताकि बिचौलियों और अधिकृत कर्मियों की पहचान स्पष्ट हो सके।बैठक में ग्राम सचिव, आवास सहायक समेत अन्य कर्मियों के स्तर पर भी कमीशनखोरी की शिकायतों का मुद्दा उठाया गया। मंच ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। डॉ. सिंह ने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक करते हुए हल्ला बोल अभियान चलाया जाएगा।