दो हफ्ते में पूरा करें ई-केवाईसी, नहीं तो अटकेगा भुगतान : पीओ
डुमरांव प्रखंड कार्यालय स्थित मनरेगा कार्यालय में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में प्रोग्राम पदाधिकारी उमेश कुमार प्रसाद ने योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में पंचायत रोजगार सेवकों, तकनीकी सहायकों और लेखापालों के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं की समीक्षा की गई।


केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव प्रखंड कार्यालय स्थित मनरेगा कार्यालय में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में प्रोग्राम पदाधिकारी उमेश कुमार प्रसाद ने योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में पंचायत रोजगार सेवकों, तकनीकी सहायकों और लेखापालों के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं की समीक्षा की गई।पीओ ने कहा कि मनरेगा के तहत श्रमिकों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पंचायतों में लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने और नई योजनाओं को तेजी से शुरू करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि कार्यस्थलों की नियमित निगरानी हो और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में ई-केवाईसी की धीमी रफ्तार मुख्य मुद्दा रही। बताया गया कि अब तक प्रखंड में केवल 81 प्रतिशत श्रमिकों का ही ई-केवाईसी पूरा हो पाया है। इस पर पीओ ने सख्त नाराजगी जताते हुए शेष लाभुकों का ई-केवाईसी दो सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी अधूरा रहने से मजदूरों के भुगतान में परेशानी हो सकती है।वहीं आगामी पौधरोपण अभियान को लेकर भी रणनीति बनाई गई।

डुमरांव प्रखंड की 14 पंचायतों को कुल 12 यूनिट पौधरोपण का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि समय रहते स्थल चयन और अन्य तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि निर्धारित समय पर वृक्षारोपण शुरू कराया जा सके।मनरेगा से बने खेल मैदानों में मिली कमियों को भी गंभीरता से लिया गया। पीओ ने संबंधित कर्मियों को जल्द त्रुटियां दूर करने का निर्देश दिया। बैठक में एनएमएमएस व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कार्यस्थलों पर मजदूरों की उपस्थिति सही तरीके से दर्ज करने और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

