धनसोई बाजार को जाम से मिलेगी मुक्ति, बाईपास निर्माण की दिशा में बड़ा कदम
धनसोई बाजार क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जाम और यातायात अव्यवस्था की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है। जिलाधिकारी साहिला द्वारा प्रस्तावित धनसोई बाजार बाईपास (ग्रीन फील्ड) निर्माण को लेकर स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाईपास निर्माण से जुड़ी तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की।
--डीएम साहिला ने किया प्रस्तावित धनसोई बाजार बाईपास का स्थल निरीक्षण
केटी न्यूज/बक्सर
धनसोई बाजार क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जाम और यातायात अव्यवस्था की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है। जिलाधिकारी साहिला द्वारा प्रस्तावित धनसोई बाजार बाईपास (ग्रीन फील्ड) निर्माण को लेकर स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाईपास निर्माण से जुड़ी तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की।निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, बक्सर ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि धनसोई बाईपास के निर्माण हेतु आवश्यक भूमि अधिग्रहण से संबंधित अधियाचना (डिमांड प्रपोजल) तैयार कर जिला भू-अर्जन कार्यालय, बक्सर को उपलब्ध करा दी गई है। यह बाईपास ग्रीन फील्ड परियोजना के तहत विकसित की जाएगी, जिससे यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

--भू-अर्जन प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी साहिला ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बक्सर को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाईपास निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का अधिग्रहण कार्य यथाशीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि यह बाईपास केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है।

--व्यापार और आवागमन दोनों को मिलेगा लाभ
धनसोई बाजार से होकर गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाईपास के निर्माण से बाजार क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और स्थानीय व्यापार को भी गति मिलेगी। साथ ही, दूर-दराज से आने-जाने वाले वाहनों को सुगम वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।

--विकास कार्यों में प्रशासन की सक्रियता
जिलाधिकारी साहिला ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। धनसोई बाईपास परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही बाईपास का निर्माण कार्य धरातल पर उतरेगा, जिससे धनसोई बाजार क्षेत्र को स्थायी राहत मिल सकेगी।

