समन्वय समिति की बैठक में डीएम सख्त, अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया।

__ एनएचएआई प्रतिनिधि की लगातार गैरहाजिरी पर कारण बताओ नोटिस, टीकाकरण, नाला सफाई, चापाकल मरम्मत और फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने का आदेश
केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया।समीक्षा के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रतिनिधि के लगातार कई बैठकों से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी से कारण पृच्छा करने तथा विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का निर्देश दिया।विभिन्न विभागों के भवन एवं कार्यालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्धता की समीक्षा में पाया गया कि कई अंचलों से अब तक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुए हैं।

वहीं जिन अंचलों से प्रस्ताव आए हैं, उन्हें भी राजस्व शाखा द्वारा अद्यतन कर समय पर प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने खेद व्यक्त करते हुए प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व शाखा को सभी अंचलाधिकारियों से अद्यतन प्रतिवेदन प्राप्त कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।बैठक में नगर परिषद डुमरांव में अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट) के निर्माण हेतु स्थल चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने का आदेश दिया गया। साथ ही सभी नगर निकायों को मानसून से पहले नालों की सफाई का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए गए।सहयोग शिविरों के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए तथा प्राप्त ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए। शिविर स्थलों पर टेंट, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को प्रत्येक ग्राम सभा में टीकाकरण शिविर आयोजित करने तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया गया। जिला परियोजना पदाधिकारी (स्वास्थ्य) को 5 जून को सभी पंचायतों में विशेष टीकाकरण शिविर लगाने का आदेश दिया गया।

लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को सभी खराब एवं बंद पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत कराने तथा क्रियाशील और खराब चापाकलों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा में नगर निकाय क्षेत्रों में कई किसानों का पंजीकरण लंबित पाए जाने पर नगर निकायों और कृषि विभाग को समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत रजिस्ट्री सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

