वीर परिवारों के लिए निःशुल्क विधिक शिविर आयोजित, कानूनी सहायता की दी गई जानकारी
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, बक्सर में वीर परिवारों की सहायता एवं उन्हें कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निःशुल्क विधिक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वीर नारियों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों ने भाग लिया और विभिन्न कानूनी विषयों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

केटी न्यूज/बक्सर
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, बक्सर में वीर परिवारों की सहायता एवं उन्हें कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निःशुल्क विधिक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वीर नारियों, पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों ने भाग लिया और विभिन्न कानूनी विषयों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विधिक विशेषज्ञों ने वीर परिवारों को उपलब्ध कानूनी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर अथवा जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

साथ ही, विभिन्न प्रकार के दीवानी एवं पारिवारिक मामलों के समाधान के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।शिविर में लोक अदालत की उपयोगिता और उससे मिलने वाले लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति के आधार पर विवादों का त्वरित एवं सरल समाधान किया जा सकता है। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा लंबित मामलों का निपटारा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संभव हो पाता है। उपस्थित लोगों को यह भी बताया गया कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों में न्यायालय शुल्क की वापसी का प्रावधान भी है।

इस अवसर पर वीर परिवारों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कानूनी परामर्श भी प्रदान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सैनिकों एवं उनके परिवारों के हितों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से वीर परिवारों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।शिविर के सफल आयोजन पर उपस्थित लोगों ने इसे उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई।

