विदाई में छलकीं आंखें, नए शिक्षकों के स्वागत से खिला विद्यालय का माहौल

उत्क्रमित उच्च विद्यालय रामपुर मठिया, डुमरांव में आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह का माहौल उस समय भावुक हो उठा, जब विद्यालय परिवार ने लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षकों को नम आंखों से विदाई दी। प्रधानाध्यापक बरमेश्वर नाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं ने भी अपने प्रिय शिक्षकों के साथ बिताए अनुभवों को याद किया।

विदाई में छलकीं आंखें, नए शिक्षकों के स्वागत से खिला विद्यालय का माहौल

__ तीन शिक्षकों को भावभीनी विदाई, छात्र-छात्राओं ने नम आंखों से कहा अलविदा; नए शिक्षकों का भी हुआ अभिनंदन

केटी न्यूज/डुमरांव।

उत्क्रमित उच्च विद्यालय रामपुर मठिया, डुमरांव में आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह का माहौल उस समय भावुक हो उठा, जब विद्यालय परिवार ने लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षकों को नम आंखों से विदाई दी। प्रधानाध्यापक बरमेश्वर नाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं ने भी अपने प्रिय शिक्षकों के साथ बिताए अनुभवों को याद किया।समारोह के दौरान विद्यालय की अध्यापिका सुषमा कुमारी, अध्यापक दीपक कुमार एवं विशिष्ट शिक्षक विनायक प्रसाद को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। शिक्षकों की विदाई के दौरान विद्यालय के कई छात्र-छात्राओं की आंखें नम हो गईं।

भावुक माहौल के बीच विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार की ओर से विदा हो रहे शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को भी याद किया गया।वहीं, विद्यालय में नए शिक्षकों के योगदान को लेकर उत्साह का माहौल रहा। नवपदस्थापित शिक्षक बालाजी पांडेय, अभय सर एवं अमित कुमार का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि नए शिक्षक विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और मजबूती प्रदान करने के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच आत्मीय संबंधों का भी स्थान है। ऐसे में किसी शिक्षक की विदाई विद्यालय परिवार के लिए भावुक क्षण होता है। वहीं नए शिक्षकों का आगमन नई ऊर्जा और नई उम्मीद लेकर आता है।समारोह में शिक्षक राजेश कुमार, राहुल कुमार, शिखा कुमारी, नेहा कुमारी, ममता कुमारी, कुंदन, मनोज, पंकज एवं सुनीता समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विदा हुए शिक्षकों के प्रति शुभकामनाओं और नए शिक्षकों के स्वागत के साथ हुआ।