बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, जनप्रतिनिधियों से ली प्रभावित इलाकों की जानकारी

बक्सर जिले में बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को लेकर रविवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष से जनप्रतिनिधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की गई।

बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, जनप्रतिनिधियों से ली प्रभावित इलाकों की जानकारी

__ नाव, नाविक व प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश; दवा, पेयजल, पशुचारा व खाद्य सामग्री का पर्याप्त इंतजाम

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर जिले में बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को लेकर रविवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष से जनप्रतिनिधियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की गई। बैठक में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति, जलजमाव, आवागमन समेत आम लोगों के सामने आ रही समस्याओं और तत्काल आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों और दिए गए सुझावों पर प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में नाव, नाविक और प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित रखी जाए। साथ ही जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं के साथ पर्याप्त पेयजल, पशुचारा, खाद्य सामग्री एवं अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता समय पर पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं हो।जिला प्रशासन के अनुसार बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील इलाकों की स्थिति का नियमित आकलन करते हुए आमजनों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।