नाली विवाद ने बढ़ाया तनाव, पुलिस की पहल से निरंजनपुर में टला बड़ा टकराव

कोरानसराय थाना क्षेत्र के निरंजनपुर गांव में नाली के पानी के बहाव को लेकर उत्पन्न विवाद समय रहते प्रशासनिक हस्तक्षेप से शांत हो गया। कब्रिस्तान की ओर नाली का पानी मोड़े जाने को लेकर गांव के दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। हालांकि, पुलिस की सक्रियता और दोनों पक्षों से बातचीत के बाद मामला शांत करा लिया गया।

नाली विवाद ने बढ़ाया तनाव, पुलिस की पहल से निरंजनपुर में टला बड़ा टकराव

__ कब्रिस्तान की ओर पानी बहाने को लेकर आमने-सामने आए दो पक्ष, पुलिस के समझाने बाद सामान्य हुए हालात

केटी न्यूज/डुमरांव

कोरानसराय थाना क्षेत्र के निरंजनपुर गांव में नाली के पानी के बहाव को लेकर उत्पन्न विवाद समय रहते प्रशासनिक हस्तक्षेप से शांत हो गया। कब्रिस्तान की ओर नाली का पानी मोड़े जाने को लेकर गांव के दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। हालांकि, पुलिस की सक्रियता और दोनों पक्षों से बातचीत के बाद मामला शांत करा लिया गया।ग्रामीणों के अनुसार, गांव के कुछ घरों से निकलने वाला नाली का पानी कब्रिस्तान की दिशा में बहाया जा रहा था। इसे लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि पानी के कारण परेशानी बढ़ रही है। इसी बात को लेकर धीरे-धीरे विवाद बढ़ने लगा और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय स्तर पर मामला गंभीर होता देख लोगों में चिंता बढ़ गई थी।

विवाद की सूचना मिलते ही कोरानसराय थाना पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल निरंजनपुर गांव पहुंचे और मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर विवाद की वजह को समझा और आपसी सहमति से समाधान निकालने की पहल की।पुलिस ने तत्काल नाली के पानी के बहाव को पहले की स्थिति में बहाल कराया, जिससे विवाद का मुख्य कारण खत्म हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों को समझाया गया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर आपसी संबंध खराब न करें और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। विवाद से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जा रहा है और यदि किसी की लापरवाही या भूमिका सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी समस्या को आपसी बातचीत या प्रशासन की मदद से सुलझाएं और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि से दूर रहें।पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण संभावित बड़ा विवाद टल गया। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और प्रशासन की नजर पूरे मामले पर बनी हुई है।