पंचायतों के विकास को गति देने पर जोर, जीपीडीपी की योजनाओं पर बनी सहमति
प्रखंड सभा कक्ष में पंचायत समिति की बैठक वरिष्ठ सदस्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन बीडीओ मनोज कुमार ने किया। सदन की कार्यवाही की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। बैठक में पंचायतों के समग्र विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने को लेकर सदस्यों के बीच व्यापक चर्चा हुई।

केटी न्यूज/राजपुर।
प्रखंड सभा कक्ष में पंचायत समिति की बैठक वरिष्ठ सदस्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन बीडीओ मनोज कुमार ने किया। सदन की कार्यवाही की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। बैठक में पंचायतों के समग्र विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने को लेकर सदस्यों के बीच व्यापक चर्चा हुई।बैठक में अधिकारियों ने कहा कि पंचायतों के विकास के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करना सामूहिक जिम्मेदारी है। जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सदस्यों से भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ सामने रखने की अपील की गई।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पंचायतों की जरूरत के अनुसार विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी सदस्यों को दी गई। इस दौरान कई प्रस्तावित योजनाओं पर चर्चा के बाद उनकी स्वीकृति भी प्रदान की गई।बीडीओ मनोज कुमार ने कहा कि विकास योजनाओं के चयन में स्थानीय जरूरतों और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी से कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकती है।बैठक में बीपीआरओ अभिषेक पाठक, मुखिया अनिल सिंह, जगलाल चौधरी, तुलसी साह, बीडीसी अलीशेर शाह सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि और कर्मी मौजूद रहे।

