चौसा नगर पंचायत में नई टीम की एंट्री, स्थायी समिति चुनाव में बदली ताकत की तस्वीर
चौसा नगर पंचायत की सियासत में शुक्रवार को हुए सशक्त स्थायी समिति के चुनाव ने कई नए राजनीतिक संकेत दे दिए। समिति गठन की प्रक्रिया के दौरान पुराने समीकरण टूटते नजर आए और नए चेहरों ने प्रभावशाली जीत दर्ज कर नगर पंचायत की राजनीति में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

केटी न्यूज/चौसा
चौसा नगर पंचायत की सियासत में शुक्रवार को हुए सशक्त स्थायी समिति के चुनाव ने कई नए राजनीतिक संकेत दे दिए। समिति गठन की प्रक्रिया के दौरान पुराने समीकरण टूटते नजर आए और नए चेहरों ने प्रभावशाली जीत दर्ज कर नगर पंचायत की राजनीति में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। चुनाव परिणाम सामने आते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया।नगर आवास विभाग के निर्देश पर आयोजित चुनाव को लेकर सुबह से ही नगर पंचायत कार्यालय में हलचल बनी रही। 14 वार्ड पार्षदों वाली नगर पंचायत में समिति के तीन पदों के लिए प्रक्रिया पूरी की गई। इनमें एक सदस्य निर्विरोध चुना गया, जबकि दो पदों पर मतदान कराया गया।

प्रशासनिक निगरानी में पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।मतदान के बाद हुई मतगणना में छोटेलाल चौधरी ने सबसे मजबूत प्रदर्शन करते हुए 10 मत हासिल किए। उनके मुकाबले में उतरे आनंद रावत को मात्र 4 वोट मिले। वहीं दूसरे पद के लिए हुए मुकाबले में रंजू कुमारी ने 9 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी ललिता देवी को 5 मतों पर संतोष करना पड़ा। इसके अलावा हृदयनारायण सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।चुनाव परिणाम घोषित होते ही नगर पंचायत परिसर में समर्थकों की भीड़ जुट गई। विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई। समर्थकों ने इसे नगर पंचायत की राजनीति में बदलाव का संकेत बताया।

निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसीएलआर शशिभूषण ने सभी विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस दौरान बीडीओ मनोज पासवान एवं पंचायत राज पदाधिकारी शिखा राय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में मौजूद रहीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का दावा किया।नवनिर्वाचित सदस्यों ने नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज करने, सफाई, जलनिकासी, सड़क और आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही जनता के विश्वास पर खरा उतरने और पारदर्शी कार्यशैली अपनाने का भरोसा भी दिलाया।

