डुमरांव नगर परिषद में नई पीढ़ी का दबदबा, सशक्त स्थायी समिति चुनाव में बदले सियासी समीकरण

डुमरांव नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को हुए चुनाव ने स्थानीय राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है। कड़े सुरक्षा इंतजामों और शांतिपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुए चुनाव में तीन पदों के लिए कुल 10 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की।

डुमरांव नगर परिषद में नई पीढ़ी का दबदबा, सशक्त स्थायी समिति चुनाव में बदले सियासी समीकरण

__ कड़े सुरक्षा घेरे में संपन्न हुआ चुनाव, तीन पदों पर नए चेहरों ने दर्ज की जीत

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को हुए चुनाव ने स्थानीय राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है। कड़े सुरक्षा इंतजामों और शांतिपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुए चुनाव में तीन पदों के लिए कुल 10 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की। चुनाव परिणाम आने के बाद नगर परिषद की राजनीति में नई पीढ़ी की मजबूत मौजूदगी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।चुनाव को लेकर नगर परिषद कार्यालय परिसर में सुबह से ही हलचल बनी रही। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बीएनएस की धारा 163 लागू रहने के कारण मतदान केंद्र के आसपास आम लोगों की आवाजाही पर रोक रही। मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी तक सुरक्षा घेरा बनाया गया था।

मुख्य प्रवेश द्वार पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी और केवल निर्वाचित पार्षदों को ही अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई।पहले पद के लिए कुल छह प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मतदान के दौरान मुकाबला मुख्य रूप से आनंद कुमार और धनजी कुमार के बीच सिमट गया। मतगणना में आनंद कुमार को 12 वोट प्राप्त हुए, जबकि धनजी कुमार को 8 मत मिले। चार वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर आनंद कुमार ने समिति में अपनी जगह सुनिश्चित की।दूसरे पद का मुकाबला पूरे चुनाव का सबसे दिलचस्प और रोमांचक मुकाबला माना गया। भागमनी देवी और अनु कुमारी के बीच हुए इस कांटे की टक्कर में अंतिम क्षण तक परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी रही। मतगणना में भागमनी देवी को 17 वोट मिले, जबकि अनु कुमारी को 16 मत प्राप्त हुए।

महज एक वोट से मिली जीत ने इस मुकाबले को चर्चा का केंद्र बना दिया।तीसरे पद पर विजय कुमार ने एकतरफा जीत दर्ज कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का परिचय दिया। उन्हें कुल 18 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी कन्हैया राम को मात्र 3 वोटों से संतोष करना पड़ा। भारी अंतर से मिली इस जीत ने विजय कुमार की स्थिति को और मजबूत कर दिया है।चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी भी बनी रही। एडीएम (राजस्व) अरुण कुमार प्रेक्षक के रूप में पूरे समय उपस्थित रहे। वहीं एसडीएम राकेश कुमार ने निर्वाची पदाधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। उनके साथ बीडीओ संदीप पांडेय और बीपीआरओ रोहणी कुमारी भी चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रहे।

निर्वाची पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि सुबह आठ बजे से सभी 35 निर्वाचित सदस्यों को प्रवेश दिया गया। पहले नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराई गई, उसके बाद निर्धारित नियमों के अनुसार मतदान कराया गया। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपा गया।नगर परिषद की राजनीति पर नजर रखने वाले जानकारों का मानना है कि इस चुनाव ने पुराने राजनीतिक समीकरणों को चुनौती दी है। समिति में अपने समर्थकों को जीत दिलाने के लिए कई अनुभवी राजनीतिक चेहरों ने रणनीति बनाई थी, लेकिन चुनाव परिणामों ने यह संकेत दिया कि अब नई पीढ़ी भी स्थानीय राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाने लगी है। सशक्त स्थायी समिति के चुनाव को डुमरांव नगर परिषद की राजनीति में बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।