भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव का बिगुल, 12 मई को मतदान

बिहार विधान परिषद के भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 9 अप्रैल को प्रेस नोट जारी किए जाने के बाद बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनाव कार्यक्रम और नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव का बिगुल, 12 मई को मतदान

__ प्रेस नोट जारी होते ही लागू हुई आचार संहिता, 16 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू, 14 मई को मतगणना

केटी न्यूज/बक्सर:

बिहार विधान परिषद के भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 9 अप्रैल को प्रेस नोट जारी किए जाने के बाद बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनाव कार्यक्रम और नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष और सचिव मौजूद रहे।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाएगी तथा सभी दलों से आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने की अपेक्षा की गई है।जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी, जिसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल निर्धारित की गई है, जबकि 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 27 अप्रैल तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं।चुनाव का मतदान 12 मई 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद 14 मई को मतों की गिनती की जाएगी और 15 मई तक पूरे चुनाव को संपन्न कर लिया जाएगा।

इस दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।प्रशासनिक व्यवस्था के तहत इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए भोजपुर जिलाधिकारी को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि बक्सर और डुमरांव के अनुमंडल पदाधिकारियों को सहायक निर्वाची पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे स्पष्ट है कि चुनाव को लेकर दोनों जिलों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि बक्सर जिले के सभी 11 प्रखंडों में मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर संबंधित नगर निकायों के मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान केंद्रों की सूची सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई और उनसे सुझाव व आपत्तियां मांगी गईं, हालांकि बैठक में उपस्थित किसी भी राजनीतिक दल ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई।

बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि प्रेस नोट जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके तहत सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग, नई योजनाओं की घोषणा और प्रचार-प्रसार पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही मतदाताओं से भी अपील की गई कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएं।इस उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। विभिन्न दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है और संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन जारी है। आने वाले दिनों में नामांकन के साथ ही चुनावी गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।