__35 दिनों से अधिक लंबित दाखिल-खारिज के 129 और भूमि मापी के 70 मामले मिले, सभी पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश

केटी न्यूज/डुमरांव।
अंचल कार्यालयों में लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन और आम लोगों को समय पर न्याय दिलाने को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शनिवार को अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने डुमरांव अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पुराने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान परिमार्जन, भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र, भूमि मापी, भू-अतिक्रमण, अभियान बसेरा-2, बेदखली, राजस्व महाअभियान, दाखिल-खारिज, विभागीय भूमि पंजी, न्यायालय से संबंधित मामलों तथा सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई। परिमार्जन के मामलों में पारित कुछ आदेशों को अस्पष्ट पाए जाने पर अपर समाहर्ता ने स्पष्ट एवं तर्कपूर्ण आदेश जारी करने को कहा, ताकि आवेदकों को निर्णय और उसके आधार की पूरी जानकारी मिल सके।

समीक्षा में दाखिल-खारिज के 35 दिनों से अधिक समय से लंबित 129, 75 दिनों से अधिक लंबित 89 तथा भूमि मापी के कुल 70 मामले सामने आए। इस पर उन्होंने सभी मामलों का विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप शीघ्र निष्पादन कर लंबित मामलों की संख्या शून्य करने का लक्ष्य दिया। दाखिल-खारिज में आपत्ति के कारणों को भी संबंधित टिप्पणी वाले कॉलम में स्पष्ट रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया। अभियान बसेरा-2 की समीक्षा में बताया गया कि 15 अगस्त 2026 तक सर्वेक्षित सभी परिवारों को भूमि आवंटन का पर्चा वितरित किया जा चुका है। शेष आवेदनों की जांच विकास मित्रों के माध्यम से कराकर नियमानुसार शीघ्र भूमि आवंटन की कार्रवाई पूरी करने को कहा गया।

__ आम लोगों से सीधे सुनीं समस्याएं
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने कार्यालय पहुंचे लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। कोपवां के सच्चिदानन्द सिंह, उड़ियानगंज की तेतरी देवी और गोपालडेरा की रीता देवी ने दाखिल-खारिज एवं भूमि विवाद से जुड़ी समस्याएं रखीं। उन्होंने अंचल अधिकारी को सभी शिकायतों का नियमानुसार शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। अंत में 29 मई 2026 को हुए पिछले निरीक्षण के निर्देशों की समीक्षा कर शेष कार्यों को पूरा करने और अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।