__ बक्सर में भव्य आयोजन के बीच सफल प्रशिक्षणार्थियों को बांटे गए राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाण पत्र, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने का किया गया आह्वान
केटी न्यूज/बक्सर
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बक्सर एवं महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को महिला आईटीआई परिसर में दीक्षांत समारोह-2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में तकनीकी शिक्षा और हुनर हासिल कर अपने भविष्य की नई राह तैयार करने वाले प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया। इस दौरान सत्र 2024-2026 एवं 2025-2026 के विभिन्न व्यवसायों में सफल प्रशिक्षणार्थियों को राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, प्रत्येक व्यवसाय में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी प्रशिक्षणार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ।

समारोह में संस्थान के प्रशिक्षक, पदाधिकारी, प्रशिक्षणार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद प्रशिक्षणार्थियों के चेहरे पर उपलब्धि और आत्मविश्वास की झलक दिखाई दी। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए संस्थान के उप प्राचार्य ने कहा कि आईटीआई से प्राप्त तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए भी सक्षम बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में तकनीकी दक्षता और हुनर ही युवाओं की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रशिक्षणार्थियों को अपने कौशल का लगातार विकास करने, अनुशासन एवं मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी गई।

समारोह का एक महत्वपूर्ण आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव कार्यक्रम रहा, जिसका प्रसारण अपराह्न पांच बजे से किया गया। संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों एवं अतिथियों ने सामूहिक रूप से इसका सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा की उपयोगिता पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में जॉब मेला, अप्रेंटिसशिप, उच्च शिक्षा और कौशल उन्नयन के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसरों की जानकारी देते हुए युवाओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षणार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। अंत में संस्थान की ओर से सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।