बक्सर में मॉडल स्कूलों के सफल संचालन को लेकर डीपीएमयू की समीक्षा बैठक

जिले में संचालित मॉडल स्कूलों के प्रभावी एवं सफल संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला परियोजना मॉनिटरिंग यूनिट (डीपीएमयू) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मॉडल स्कूलों की वर्तमान स्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बक्सर में मॉडल स्कूलों के सफल संचालन को लेकर डीपीएमयू की समीक्षा बैठक

__ सभी प्रखंडों में स्थापित मॉडल स्कूलों में संसाधन सुदृढ़ करने और निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में संचालित मॉडल स्कूलों के प्रभावी एवं सफल संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला परियोजना मॉनिटरिंग यूनिट (डीपीएमयू) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मॉडल स्कूलों की वर्तमान स्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले के सभी प्रखंडों में एक-एक मॉडल स्कूल की स्थापना की गई है। इन विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना में सफल विद्यार्थियों को नामांकन में प्राथमिकता दी जा रही है।

इससे मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।समीक्षा के क्रम में बताया गया कि मॉडल स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रिक्त पदों के आधार पर इच्छुक शिक्षकों का साक्षात्कार लिया गया। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 27 शिक्षकों का विभिन्न प्रखंडों के मॉडल स्कूलों के लिए चयन किया गया है। सभी चयनित शिक्षकों को संबंधित विद्यालयों में प्रतिनियुक्त कर दिया गया है, जिससे शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिलेगी।जिलाधिकारी ने सभी मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में आवश्यक शैक्षणिक सामग्री, फर्नीचर, प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए विद्यालयों में बेहतर वातावरण तैयार करना आवश्यक है।बैठक में बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (बीएसईआईडीसी) के सहायक अभियंता को सभी मॉडल स्कूलों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया। वहीं मॉडल स्कूलों की विशेषताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) सहित जिले के सभी मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।