जिला परिषद की सामान्य बैठक में बजट समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी
जिला परिषद अध्यक्षा सरोज देवी की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला परिषद की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद के सभी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और विकास योजनाओं को लेकर तथ्यात्मक सुझाव एवं समस्याएं रखीं।


केटी न्यूज/बक्सर
जिला परिषद अध्यक्षा सरोज देवी की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला परिषद की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद के सभी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों और विकास योजनाओं को लेकर तथ्यात्मक सुझाव एवं समस्याएं रखीं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक की कार्यवाही एवं उसके अनुपालन की समीक्षा की गई। इसके बाद 15वीं वित्त आयोग की वित्तीय वर्ष 2025-26 की अनुपूरक योजनाओं की अनुशंसा पर विचार किया गया।

साथ ही ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर पूर्व से अपलोड योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति देने तथा स्वीकृत योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया गया।6वीं राज्य वित्त आयोग के तहत ई-पंचायत पोर्टल पर अपलोड योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने तथा पूर्व से स्वीकृत योजनाओं को जल्द पूरा कराने पर भी सहमति बनी। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्णय लिया गया।वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला परिषद के आम बजट को सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

इसके अलावा जिला परिषद की बक्सर डाकबंगला, कोरान सराय और ब्रह्मपुर स्थित भूमि पर दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिससे परिषद की आय बढ़ाने की दिशा में पहल होगी।बैठक में सरकारी राशि गबन के आरोपों के मद्देनजर कंप्यूटर ऑपरेटर रवि कुमार को कार्यमुक्त करने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा विभिन्न विकास योजनाओं, प्रशासनिक मामलों और जनहित से जुड़े कई अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।अध्यक्षा सरोज देवी ने सभी संबंधित अधिकारियों को लिए गए निर्णयों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

