चौसा में जनगणना तैयारियों को लेकर प्रशासन सख्त, डाटा शुद्धता पर विशेष जोर
आगामी जनगणना कार्य को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को चौसा प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में पर्यवेक्षकों और प्रगणकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ मनोज पासवान ने की।

केटी न्यूज/चौसा
आगामी जनगणना कार्य को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को चौसा प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में पर्यवेक्षकों और प्रगणकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ मनोज पासवान ने की।बैठक के दौरान जनगणना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण आधार है।

ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत सूचना भविष्य की योजनाओं को प्रभावित कर सकती है।बीडीओ ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि डाटा संग्रहण के दौरान पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने पर्यवेक्षकों को प्रगणकों के कार्यों की लगातार निगरानी करने और किसी भी तकनीकी या क्षेत्रीय समस्या का त्वरित समाधान कराने का निर्देश दिया।

बैठक में ऑनलाइन डाटा अपलोडिंग प्रक्रिया, रिपोर्टिंग प्रणाली तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल माध्यम से डाटा संकलन होने के कारण कार्य में सावधानी और तकनीकी दक्षता दोनों आवश्यक हैं।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी कर्मियों को आपसी समन्वय बनाकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया गया। बैठक में मौजूद कर्मियों ने भी समय पर और सही तरीके से कार्य संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

