मटन कारोबारी ने गन प्वाइंट पर लूट का लगाया आरोप, संदेहास्पद मान जांच में जुटी पुलिस

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को डुमरांव के एक पशु सह मटन व्यवसायी से गन प्वाइंट पर लूट की घटना सामने आई है। हालांकि, पुलिस इसे संदेहास्पद मान जांच में जुटी है। प्रारंभिक बयान में पीड़ित व्यवसायी अपना बयान व लोकेशन बदलते नजर आया जबकि उसके परिजनों के बयान से भी विरोधाभास उत्पन्न हो रहा है, जिससे लूट की इस घटना पर पुलिस का शक गहरा गया है।

मटन कारोबारी ने गन प्वाइंट पर लूट का लगाया आरोप, संदेहास्पद मान जांच में जुटी पुलिस

-- समय, रकम और लोकेशन पर पीड़ित बार बदल रहा बयान, सीसीटीवी, कॉल डिटेल और ‘लिफ्ट देने वाले’ शख्स की जांच तेज

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को डुमरांव के एक पशु सह मटन व्यवसायी से गन प्वाइंट पर लूट की घटना सामने आई है। हालांकि, पुलिस इसे संदेहास्पद मान जांच में जुटी है। प्रारंभिक बयान में पीड़ित व्यवसायी अपना बयान व लोकेशन बदलते नजर आया जबकि उसके परिजनों के बयान से भी विरोधाभास उत्पन्न हो रहा है, जिससे लूट की इस घटना पर पुलिस का शक गहरा गया है। शुरुआत में 15 लाख रुपये की लूट का दावा करने वाले कारोबारी के बयान पुलिस अधिकारियों की पूछताछ में लगातार बदलते गए और रकम घटते-घटते 6 लाख तक पहुंच गई। इतना ही नहीं, घटना के समय, स्थान और यात्रा को लेकर पीड़ित व उसके भाई के बयानों में भी बड़ा विरोधाभास सामने आया है।

इसी वजह से पुलिस अब इस मामले को सामान्य लूट नहीं, बल्कि शक की नजर से देख रही है।डुमरांव के चिकटोली निवासी मटन कारोबारी राजा कुरैशी ने शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना दी कि नया भोजपुर सब्जी मंडी के समीप आरा-बक्सर फोरलेन पर हथियारबंद बदमाशों ने उससे रुपये लूट लिए। शुरुआती सूचना में उसने 15 लाख रुपये लूटे जाने की बात कही, लेकिन पूछताछ आगे बढ़ी तो रकम पहले 10 लाख और बाद में 6 लाख बताई गई। रकम में लगातार बदलाव ने पुलिस को भी चौंका दिया।राजा ने पुलिस को बताया कि वह राजपुर बकरा खरीदने जा रहा था और उसके पास 6 लाख रुपये थे, जो उसने दो दिन पहले कर्ज के रूप में लिए थे।

उसके अनुसार, रास्ते में एक परिचित व्यक्ति सफेद रंग की चार पहिया वाहन से मिला और उसे लिफ्ट देकर नया भोजपुर तक ले गया। वहीं फोरलेन किनारे एक होटल पर बैठने के दौरान बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और हथियार के बल पर रुपये छीनकर फरार हो गए। आरोप है कि कुछ देर बाद बदमाश लौटे और उसका मोबाइल भी ले गए।लेकिन कहानी तब उलझ गई, जब उसके भाई अमजद ने पुलिस को अलग बयान दिया। अमजद के अनुसार राजा बिहिया गया था और वहीं से लौटते समय लूट हुई। उसने यह भी कहा कि बिहिया में रिश्तेदारों से करीब 7 लाख रुपये और उधार लिए गए थे, जिससे कुल रकम 15 लाख हो गई। दूसरी तरफ राजा का दावा है कि वह दोपहर करीब 2 बजे डुमरांव से राजपुर के लिए निकला था। ऐसे में पुलिस यह समझने में जुटी है कि आखिर बिहिया का एंगल कहां से आया।

जांच में यह भी सामने आया कि अमजद को 2.52 बजे एक अज्ञात नंबर से तीन मिस्ड कॉल आए थे, जिसके बाद कथित लूट की जानकारी दी गई। अब पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के जरिए सच्चाई तलाश रही है। जिस होटल पर घटना होने की बात कही गई, वहां के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है।एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि मामले की तकनीकी जांच जारी है और सभी बिंदुओं को गंभीरता से खंगाला जा रहा है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि मामला वास्तविक लूट है या फिर किसी साजिश के तहत तैयार की गई कहानी।