__ जासो गांव में निर्माणाधीन मकान पर काम करने के दौरान हुआ हादसा, परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट; दो बेटों के साथ मजदूरी कर चलाता था घर
केटी न्यूज/बक्सर।
परिवार की जिम्मेदारियों का बोझ और रोजी-रोटी की जद्दोजहद एक मजदूर को मौत के मुंह तक ले गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जासो गांव में शनिवार को निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी कर रहे 50 वर्षीय राम आशीष राम उर्फ चौहान की छत से गिरने के कारण मौत हो गई। एक दीवार के अचानक दूसरी तरफ गिरने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरे। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को साथी आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नदाव गांव निवासी राम आशीष राम उर्फ चौहान के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि वह अपने दो बेटों के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।शनिवार को भी वह अपने एक बेटे और अन्य मजदूरों के साथ जासो गांव में एक निर्माणाधीन मकान पर काम करने पहुंचे थे। काम के दौरान वह मकान के एक हिस्से की छत पर मौजूद थे। इसी बीच अचानक एक दीवार दूसरी तरफ ढह गई। दीवार गिरने से पैदा हुई स्थिति में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़े।अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। साथ काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल उन्हें संभाला और इलाज की उम्मीद में सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मेहनत-मजदूरी कर परिवार की गाड़ी खींचने वाले राम आशीष की मौत की खबर जैसे ही नदाव गांव पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सामने अब भरण-पोषण का संकट भी खड़ा हो गया है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। चौकी प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्यों के दौरान मजदूरों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर एहतियाती इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।