यादव मोड़ का बदलेगा चेहरा: ‘विकास चौक’ के रूप में होगा नया विस्तार
चौसा क्षेत्र के प्रमुख यातायात केंद्र यादव मोड़ तिराहे का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने जा रहा है। कैमूर और रोहतास जिलों को जोड़ने के साथ-साथ यूपी-बिहार सीमा क्षेत्र में स्थित यह महत्वपूर्ण स्थल अब ‘विकास चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार की पहल पर तैयार की गई इस योजना के तहत तिराहे को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
__ विशाल तिरंगा, मिनी पार्क और फव्वारे से सजेगा तिराहा, सर्वे के बाद जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
केटी न्यूज/चौसा
चौसा क्षेत्र के प्रमुख यातायात केंद्र यादव मोड़ तिराहे का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने जा रहा है। कैमूर और रोहतास जिलों को जोड़ने के साथ-साथ यूपी-बिहार सीमा क्षेत्र में स्थित यह महत्वपूर्ण स्थल अब ‘विकास चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार की पहल पर तैयार की गई इस योजना के तहत तिराहे को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।प्रस्तावित योजना के अनुसार यहां एक विशाल तिरंगा झंडा स्थापित किया जाएगा, जो न केवल क्षेत्र की पहचान बनेगा बल्कि लोगों में देशभक्ति की भावना भी जागृत करेगा।

इसके साथ ही एक सुंदर मिनी पार्क और आकर्षक फव्वारे का निर्माण किया जाएगा, जिससे यह स्थान आम लोगों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा। स्थानीय लोगों को यहां बैठने, घूमने और समय बिताने की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र की सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।विकास कार्यों को लेकर हाल ही में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया। पीडब्लूडी के कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण विकास विभाग की सहायक अभियंता वंदना कुमारी और अन्य तकनीकी अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की उपलब्धता, यातायात व्यवस्था और निर्माण की संभावनाओं का गहन आकलन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना को सुचारु रूप से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज कुमार यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ‘विकास चौक’ बनने से चौसा को एक नई पहचान मिलेगी और यह स्थान क्षेत्र के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि योजना को जल्द अंतिम रूप देकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके।जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने नगरों के प्रमुख चौक-चौराहों को ‘विकास चौक’ के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। इसी क्रम में यादव मोड़ को चयनित किया गया है। फिलहाल सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है और जल्द ही अनापत्ति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।

