__ नायरा पेट्रोल पंप के पास वाहन से 11 गोवंश बरामद, चालक समेत दो लोग पुलिस के हवाले; लगातार हो रही घटनाओं ने पशु क्रूरता निवारण विभाग की कार्यशैली पर उठाए सवाल
.केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले में गोवंशों के अवैध परिवहन की आशंका से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार को एनएच-922 पर औद्योगिक थाना क्षेत्र के नायरा पेट्रोल पंप के समीप युवकों की सक्रियता से गोवंशों से भरी एक पिकअप वैन पकड़ी गई। वाहन में 11 गोवंश ठूंसकर ले जाए जा रहे थे। युवकों ने घेराबंदी कर पिकअप को रोक लिया और उस पर सवार चालक समेत दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस और पशु क्रूरता निवारण विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के कुछ युवक गौ रक्षा दल से जुड़े हैं। सोमवार को उन्हें सूचना मिली कि एक पिकअप वैन में बड़ी संख्या में गोवंशों को अमानवीय तरीके से भरकर कहीं ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही युवकों की टीम सक्रिय हो गई और संदिग्ध वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद नायरा पेट्रोल पंप के समीप पिकअप को रोक लिया गया। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 11 गोवंश मिले। वाहन में पशुओं को जिस तरह ठूंसकर रखा गया था, उससे उनके साथ क्रूरता किए जाने की आशंका जताई गई। इसके बाद युवकों ने तत्काल औद्योगिक थाना पुलिस और पशु क्रूरता निवारण विभाग को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों की मौजूदगी में सभी गोवंशों को पशु क्रूरता निवारण विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, पिकअप चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, गोवंशों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें कहां पहुंचाया जाना था, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। इस कार्रवाई में दीपक सिंह (वार्ड पार्षद), प्रियांशु कुमार, विवेक पाण्डेय, गोलू सिंह, निकू ओझा, पुतुल सिंह, नारायण उपाध्याय, प्रेम सिंह, अनूप श्रीवास्तव, किशन राय, रवि कुमार, अजीत सिंह, आशीष यादव, मौसम सिंह, ट्विंकल मिश्रा, आयुष ठाकुर, सूर्यांश राय तथा भाजपा प्रवक्ता प्रमोद मिश्रा सहित कई युवक शामिल थे।

__ विभागीय सक्रियता पर भी उठ रहे सवाल
गौरतलब है कि जिले में युवकों द्वारा लगातार संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाए जा रहे गोवंशों को पकड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि गोवंशों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने की जिम्मेदारी जिन विभागों की है, उनकी निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है? यदि आम नागरिकों और स्थानीय युवकों की सूचना पर ही इस तरह के मामले उजागर हो रहे हैं तो नियमित जांच और निगरानी की व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही गोवंशों के परिवहन से जुड़े तथ्यों और पकड़े गए लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।