महज एक कट्ठा जमीन के लिए खूनी संघर्ष, कुशलपुर में दो पट्टीदारों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले

डुमरांव थाना क्षेत्र के कुशलपुर गांव में गुरुवार को महज एक कट्ठा जमीन के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर दो पट्टीदार आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चलने लगे। हिंसक झड़प में दोनों ओर से करीब दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

महज एक कट्ठा जमीन के लिए खूनी संघर्ष, कुशलपुर में दो पट्टीदारों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले

__ दोनों पक्षों के दर्जनभर लोग घायल, कई का सिर फटा; पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर शुरू की जांच, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

केटी न्यूज/डुमरांव। 

डुमरांव थाना क्षेत्र के कुशलपुर गांव में गुरुवार को महज एक कट्ठा जमीन के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद को लेकर दो पट्टीदार आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चलने लगे। हिंसक झड़प में दोनों ओर से करीब दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकांश घायलों के सिर फट गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पक्ष के तारकेश्वर यादव तथा दूसरे पक्ष के त्रिभुवन यादव के बीच करीब एक कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चलने लगे, जिससे कई लोग लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।मारपीट की इस घटना में एक पक्ष के तारकेश्वर यादव, हरेराम यादव, विश्वनाथ यादव, रोशन यादव और कन्हैया यादव घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से त्रिभुवन यादव, अशोक यादव, बलदेव यादव, हरेराम यादव, विकास यादव तथा गोरख यादव जख्मी हुए हैं। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।